बागडोगरा : दो गुटों के बीच मारपीट के कारण बागडोगरा के लोकनाथ नगर इलाके में शनिवार को स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई. लोकनाथ नगर के पास से ही हुलिया नदी बहती है.हुलिया नदी के किनारे सरकारी जमीन पर छठ पूजा के लिए वेदी का निर्माण किया गया है. कुछ लोगों ने आज उस वेदी को हटाकर वहां साफ-सफाई शुरू कर दी. पता चला कि इस स्थान पर दुर्गा पूजा की तैयारी की जा रही है.
वेदी हटाने की जानकारी जैसे ही उस इलाके के लोगों को मिली वहां की स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हु.ई इसमें एक महिला सहित कई लोग घायल हो गए हैं. दोनों ही पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोग आज सुबह छठ पूजा की वेदी को हटाकर वहां साफ-सफाई करने लगे.
जिसका दूसरे गुट ने विरोध किया. उसके बाद ही दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. घटना की सूचना बागडोगरा थाना पुलिस को भी दी गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया. इधर, लोकनाथ नगर निवासी मदन वर्धन, जितेंद्र राय, गोपाल दास, स्वपन राय, गौड़ घोष आदि ने बताया कि हुलिया नदी के किनारे काफी सरकारी जमीन खाली है.
यहीं छठ पूजा के लिए वेदी बनाई गई है. वेदी का पक्का निर्माण किया गया है. हर साल काफी संख्या में लोग नदी किनारे आकर यहीं छठ पूजा करते हैं. इस साल स्थानीय लोगों ने उसी स्थान पर दुर्गा पूजा करने का निर्णय लिया. पंडाल बनाने के लिए ही वहां साफ-सफाई की जा रही थी.
बांस आदि गाड़ने का काम भी शुरू कर दिया गया था. तभी दूसरे गुट के लोग वहां आ गए और वेदी हटाकर दुर्गा पूजा का विरोध करने लगे. पहले दोनों पक्षों की ओर से बातचीत कर मामले को शांत करने की कोशिश की गई. लेकिन इसका लाभ नहीं हुआ. दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई. उसके बाद दोनों पक्षों के लोग मारपीट पर उतारू हो गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई.
इसी में कुछ लोग घायल हो गए हैं. इधर रिंकू भौमिक, मनीषा राय आदि महिलाओं का कहना है कि यहां पर छठ पूजा की वेदी करीब 20 साल से भी अधिक समय से है. वह लोग यहीं आकर छठ पूजा करती हैं. दुर्गा पूजा हो इसका कोई विरोध नहीं है. लेकिन इसके लिए छठ पूजा की वेदी हटाना जरूरी नहीं है. वेदी हटाने का ही वह लोग विरोध कर रही थी. दुर्गा पूजा रोकने का उनका कोई इरादा नहीं था
इन महिलाओं ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि जब वह लोग वेदी हटाने का विरोध कर रही थी तो कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस मामले में पुलिस तथा बीडीओ से भी शिकायत की गई है. दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि परिस्थिति नियंत्रण में है. वहां पुलिस की पिकेटिंग की जारही है.
