आरोपी भाई गिरफ्तार जांच में जुटी पुलिस
सिलीगुड़ी : एक कलयुगी भाई ने भाई बहन के रिश्ते को तार-तार कर दिया है. आरोपी भाई की उम्र करीब 38 साल है. उसपर अपनी ही ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. थाने में मामला दर्ज होने के बाद ही पुलिस ने उस कलयुगी भाई सायन राय को गिरफ्तार कर लिया है. बागडोगरा थाना पुलिस ने बाद में आरोपी को गाड़ीधुरा पुलिस के हवाले कर दिया. पीड़िता की मेडिकल जांच भी करा ली गयी है.
दूसरी ओर आरोपी भाई ने इस घटना से इनकार कर दिया है. आरोपी सायन राय सिलीगुड़ी कोर्ट में मोहरी का काम करता है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की ममेरी बहन दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर थाना इलाके की रहने वाली है. उसकी उम्र करीब 18 साल है. पुलिस कांस्टेबल की नौकरी के लिए शारीरिक परीक्षा देने के लिए वह सिलीगुड़ी आई थी. उसके साथ मां भी थी.
दोनों मां-बेटी शिव मंदिर इलाके में रह रहे हैं सायन राय के घर रुकी हुई थी. आरोप है कि सायन राय अपनी ममेरी बहन को घुमाने के लिए रोहिणी ले गया और वही उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. सायन शिव मंदिर इलाके में एक किराए के मकान में रहता है. मां-बेटी होटल में नहीं रुक कर रिश्तेदार सायन के घर ही रुक गई थी. बुधवार को कांस्टेबल की नौकरी के लिए शारीरिक परीक्षा थी.
शारीरिक परीक्षा देने के बाद युवती को घुमाने के लिए सायन रोहिणी ले गया. वहीं पर उसने इस कुकृत्य को अंजाम दिया है. उसने युवती को किसी से इसकी जानकारी नहीं देने के लिए भी कहा. आरोप है कि उसने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी युवती को दी.
युवती अपने ममेरे भाई के साथ रोहिणी से जब शिव मंदिर लौटी तो उसने अपनी मां को इस पूरे मामले की जानकारी दी . मां ने तत्काल ही 100 नंबर डायल कर पुलिस को इसकी सूचना दी. खबर मिलते ही बागडोगरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बागडोगरा थाना पुलिस ने सायन को गाड़ीधुरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया है.
बागडोगरा पुलिस का कहना है कि रोहिणी इलाके में दुष्कर्म की घटना घटी है. यह इलाका गाड़ीधुरा थाना के अधीन है. इसलिए आरोपी को गाड़ीधुरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
