सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी में दुग्ध उत्पादक कंपनी हिमुल के सभी बैंक एकाउंट को प्रोविडेंड फंड विभाग ने फ्रिज कर दिया है. जिसकी वजह से कंपनी के सभी लेन देन के काम को रोका देना पड़ा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमुल ने पीएफ विभाग को करीब 67 लाख रूपये नहीं जमा कराए हैं. जबकि कर्मचारियों के तनख्वाह से इस मद में पैसे की कटौती कर ली गयी है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बार बार नोटिस दिए जाने के बाद भी हिमुल प्रबंधन ने पैसे जमा कराने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई. बाध्य होकर पीएफ विभाग ने हिमुल के सभी बैंक खाते फ्रिज कर दिए है. बैंक खाते फ्रिज हो जाने के कारण हिमुल प्रबंधन की परेशानी बढ़ गयी है. सभी प्रकार के लेन देन रोक दिए गये है. समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार से पहल की गुहार लगायी लगाई गयी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में जिला शासक पुनित यादव ने कोलकाता में वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी दी है. समझा जाता है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी बातचीत की गयी है.
विभागीय मंत्री स्वपन देवनाथ के ममता बनर्जी के साथ बातचीत करने की खबर है. उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव को भी इस मामले की जानकारी दी गयी है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज से उत्तर बंगाल के दौरे पर हैं. इसी दौरान हिमुल के पुनरोद्धार को लेकर भी चर्चा होगी. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विभागीय अधिकारियों को लेकर एक बैठक करेंगी. इसी बैठक में हिमुल के कायाकल्प को लेकर भी चर्चा होगी. गौरतलब है कि इन दिनों हिमुल की हालत खस्ताहाल है. तमाम आर्थिक संकट के बीच यह कंपनी गुजर रही है. कर्मचारियों को तनख्वाह दने तक के लाले पड़ रहे हैं.
