बंगाल में 12,445 पदों पर शिक्षकों की होगी नियुक्ति, जल्द जारी होगी नयी मेरिट लिस्ट

पश्चिम बंगाल में 12,445 उच्च माध्यमिक शिक्षक पदों के लिए जल्द ही नई मेरिट लिस्ट जारी होने की उम्मीद है. राज्य में ओबीसी आरक्षण के नियमों में बदलाव के बाद आयोग भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने में लगा है.

कोलकाता से शिवशक्ति प्रसाद की रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल के उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षक पद पर नियुक्ति को लेकर नयी जानकारी सामने आयी है. जानकारी के अनुसार, एसएससी की ओर से जल्द ही 12,445 खाली पदों के लिए नयी मेरिट लिस्ट जारी की जा सकती है. यह कदम राज्य में ओबीसी आरक्षण को 17 फीसदी से घटाकर सात फीसदी किये जाने के बाद उठाया जा रहा है. यह जानकारी बुधवार को एसएससी के वरिष्ठ अधिकारी ने दी. उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल सेंट्रल स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती के लिए जल्द ही नयी मेरिट लिस्ट जारी कर सकता है. यह फैसला राज्य सरकार के ओबीसी आरक्षण के नियमों में बदलाव के बाद लिया जा रहा है.

नयी मेरिट लिस्ट से बदल सकती है उम्मीदवारों की रैंकिंग

आयोग 21 जनवरी को जारी मेरिट लिस्ट की दोबारा समीक्षा कर रहा है, जिसे पिछली तृणमूल सरकार द्वारा लागू आरक्षण ढांचे के तहत तैयार किया गया था. आयोग के सूत्रों के अनुसार, पिछली समिति ने नियुक्ति के लिए 3,586 उम्मीदवारों की सिफारिश की थी. नये मूल्यांकन से पिछली लिस्ट में शामिल कुछ उम्मीदवारों की उम्मीदवारी और रैंकिंग में बदलाव हो सकता है. जिन उम्मीदवारों के इंटरव्यू पहले ही हो चुके थे, उनकी काउंसलिंग 13 अगस्त को रोक दी गयी थी और नयी मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद इस प्रक्रिया के फिर से शुरू होने की उम्मीद है. आयोग भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी समय-सीमा को पूरा करने के लिए तेजी से काम कर रहा है. एसएससी अधिकारी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने इसे 31 मई, 2027 तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा है और एसएससी मेरिट लिस्ट को नये सिरे से तैयार करने के बाद बाकी चरणों में तेजी लाना चाहता है.

सितंबर अंत तक जारी हो सकती है मेरिट लिस्ट

वहीं, राज्य सरकार माध्यमिक स्तर के स्कूलों में भी नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू करना चाहती है. संशोधन के हिस्से के रूप में, पिछले महीने उम्मीदवारों से आयोग के पोर्टल पर अपनी ओबीसी उप-श्रेणी की जानकारी अपडेट करने के लिए कहा गया था. उम्मीद है कि इसके बाद आयोग सेकेंडरी स्कूल टीचिंग जॉब्स में भर्ती के लिए भी ऐसी ही प्रक्रिया अपनायेगा, जिसके लिए 23,209 खाली पद उपलब्ध हैं. पिछले साल सितंबर में आयोजित चयन परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों पर संशोधित आरक्षण ढांचे के तहत इंटरव्यू के लिए विचार किया जायेगा. अधिकारी ने कहा कि सेकेंडरी-लेवल भर्ती के लिए इंटरव्यू की शॉर्टलिस्ट सितंबर के तीसरे सप्ताह तक जारी होने की संभावना है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

ओबीसी आरक्षण में बदलाव के बाद समीक्षा

भर्ती प्रक्रिया मूल रूप से 17 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण प्रावधान के तहत शुरू की गयी थी. उन्होंने कहा कि तत्कालीन राज्य सरकार द्वारा 10 जून, 2025 को जारी एक नोटिफिकेशन में ओबीसी -ए के लिए 10 प्रतिशत और ओबीसी -बी के लिए सात प्रतिशत आरक्षण तय किया गया था, जिसमें 140 पिछड़ी जातियां शामिल थीं. 16 जून, 2025 को माध्यमिक और उच्च माध्यमिक की लगभग 35,000 रिक्त पदों के लिए आवेदन शुरू हुए, जिसमें भर्ती प्रक्रिया के तहत 17 प्रतिशत कोटा भी शामिल था.

Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष झा

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >