कैनिंग : पुराना सामान खरीदने की आड़ में घरों में चोरी, जीजा-साला गिरफ्तार

दक्षिण 24 परगना के कैनिंग थाने की पुलिस ने महज सात मिनट में दो कुख्यात चोरों की पहचान की और 24 घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

संवाददाता, कोलकाता.

दक्षिण 24 परगना के कैनिंग थाने की पुलिस ने महज सात मिनट में दो कुख्यात चोरों की पहचान की और 24 घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की पहचान मोहम्मद कासिम और उसके साले मुस्तफा मोल्ला के रूप में हुई है. दोनों आरोपी चोर बताये गये हैं, जो दिन के समय पुराने सामान के खरीदार बनकर घरों में घुसते थे और बाद में लाखों रुपये के नकद व गहनों की चोरी कर लेते थे. गत सोमवार को कैनिंग के रहने वाले शिक्षक बिप्लब दास के घर चोरी हुई थी.

उस वक्त परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे. जब वे लौटे, तो आलमारी और ताले टूटे हुए मिले. घर से करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने गायब थे. शिकायत दर्ज होने के बाद कैनिंग थाने की पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में दिखा कि दोनों आरोपी घर में दाखिल हो रहे हैं. दोनों के हाथों में एक बस्ता था, जिसमें ताला तोड़ने के औजार थे. पुलिस ने फुटेज मिलने के सिर्फ सात मिनट के अंदर ही दोनों की पहचान कर ली.

इसके बाद कैनिंग व बासंती में छापेमारी अभियान चलाया गया. मंगलवार देर रात पुलिस ने कैनिंग के एक ठिकाने से दोनों को उस समय पकड़ लिया, जब वे भागने की कोशिश कर रहे थे. बुधवार को दोनों को अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. मुस्तफा दक्षिण कोलकाता के आकड़ा-संतोषपुर इलाके का निवासी है. उसकी बहन की शादी मोहम्मद कासिम से हुई है. शादी के बाद मुस्तफा भी उस गिरोह में शामिल हो गया. दोनों दिन में ‘कबाड़ीवाले’ बनकर कोलकाता और आसपास के इलाकों में घूमते थे. वे घरों में पुराने सामान खरीदने के बहाने घुसते और मौका पाकर ताले तोड़ कर चोरी करते. दोनों को पहले भी कई बार कोलकाता व सोनारपुर थाने की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.

जनवरी में गरिया व सोनारपुर में चोरी की कुछ वारदातों में इनका नाम सामने आया था. जमानत मिलने के बाद दोनों संतोषपुर छोड़ कर बासंती इलाके में जा बसे. आरोप है कि वहीं से कैनिंग, बासंती और गोसाबा में चोरी का सिलसिला जारी रखा. हालांकि, इस बार पुलिस की तेजी ने दोनों को भागने का मौका नहीं दिया. पुलिस अब उनके कब्जे से चोरी के गहने और अन्य सामान बरामद करने में जुटी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Subodh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >