बैरकपुर. घोला थाना अंतर्गत नवपल्ली इलाके में सुहागरात में ही एक विवाहिता का सुहाग उजड़ गया. सुबह लोगों ने देखा कि कमरे में बिस्तर पर उसका पति मृत पड़ा है और पत्नी पास में बैठकर रो रही है. घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. विवाहिता ब्यूटी राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मृतक का नाम अभि दास है. जानकारी के अनुसार, सोमवार को घर से भाग कर अभि और ब्यूटी ने शादी कर ली. दोनों दोस्त के एक किराये के घर में सुहागरात मनाने पहुंचे. स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में युवती अपने घर जाने को कह रही थी. लेकिन अभि ने उसे रोक दिया. इस बात पर दोनों में विवाद हुआ था. कुछ लोगों का कहना है कि अभि ने शराब पी रखी थी. सुबह जब लोग उठे, तो देखा कि कमरे में विवाहिता रो रही है और बिस्तर पर उसका पति बेहोश पड़ा है. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत करार दिया. पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
