पूजा में कचरा से चारकोल तैयार करेगा टाला प्रत्यय

दुर्गा पूजा के दौरान मंडप व इसके आस-पास के इलाके को साफ सुथरा रखने के लिए टाला प्रत्यय पूजा कमेटी की ओर से विशेष पहल की गयी है.

निगम के साथ मिल कर कार्य करेगी पूजा कमेटी

संवाददाता, कोलकाता

दुर्गा पूजा के दौरान मंडप व इसके आस-पास के इलाके को साफ सुथरा रखने के लिए टाला प्रत्यय पूजा कमेटी की ओर से विशेष पहल की गयी है. पूजा के दौरान मंडप के आस-पास के इलाकों से कचरा एकत्रित कर चारकोल तैयार किया जायेगा. ‘इकोजेनिक’ नामक इस नयी तकनीक का इस्तेमाल कर कचरे से चारकोल तैयार किया जायेगा. इसमें पूजा मंडप के आसपास बिखरे ठोस कचरे को उपयोगी चारकोल में बदला जायेगा. यह जानकरी कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने दी. उन्होंने सोमवार कोलकाता नगर निगम में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी. फिरहाद ने इस अनूठे प्रयास के लिए पूजा कमेटी की सराहना भी की. आगे मेयर ने कहा कि फिलहाल, इस तकनीक का इस्तेमाल प्रतिदिन मंडप से सटे इलाके से पांच टन कचरे संग्रह कर प्रायोगिक तौर पर किया जायेगा. उन्होंने कहा कि यह योजना निगम के लिए किसी पायलट प्रोजेक्ट की तरह ही है. इसके सफल होने पर निगम भी इस उपकरण को इस्तेमाल में लायेगा. उन्होंने बताया कि इस तकनीक की सबसे अच्छी बात यह है कि किसी भी स्थान पर इस उपकरण को रखा जा सकता है. इसे राजमार्गों के किनारे भी लगाया जा सकता है क्योंकि किसी भी राजमार्ग के आस-पास गंदगी का अंबार लगा रहता है. इन जगहों पर उपकरण को लगाने से गंदगी को उसी स्थान पर चारकोल में बदलना संभव होगा. मेयर ने बताया कि इस विधि से उत्पादित चारकोल का उपयोग ताप विद्युत संयंत्रों, भट्टियों, सीमेंट कारखानों या अन्य उद्योगों में किया जा सकता है. अगर इस उपकरण का इस्तेमाल किया जाता है, तो कचरे को पृथक नहीं करना पड़ेगा. प्लास्टिक कचरे का भी प्रसंस्करण किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अगर इस तकनीक का इस्तेमाल सफल रहा, तो भविष्य में इसका इस्तेमाल विभिन्न क्षेत्रों में किया जा सकेगा. धापा डंपिंग ग्राउंड में भी इस उपकरण को लगाये जाने पर विचार किया जायेगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल, पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रतिदिन पांच टन कचरे को चारकोल में बदला जा सकता है. हालांकि, निगम भविष्य में इसके दायरे को बढ़ाने पर विचार करेगा. मेयर ने इस अभिनव पहल के लिए टाला प्रत्यय को धन्यवाद भी दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >