ऑपरेशन बुलडोजर पर भड़की ममता बनर्जी, बोलीं- डरा कर नहीं किया जा सकता बंगाल पर राज

Mamata Banerjee: ममता बनर्जी ने कहा कि किसी राज्य की असली प्रगति इस बात से तय होती है कि वह अपने सबसे कमजोर नागरिकों के साथ कैसा व्यवहार करता है, न कि इस बात से कि वह कितनी तेजी से लोगों को उजाड़ सकता है.

Mamata Banerjee: कोलकाता. पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्य में चल रही बुलडोजर कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने के अभियान को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बंगाल की संस्कृति बुलडोजर राजनीति में विश्वास नहीं करती और आम लोगों के घर, दुकान तथा रोजी-रोटी पर हमला किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है. ममता बनर्जी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में कहा कि राजनीतिक अहंकार की कीमत अब गरीब लोग चुका रहे हैं.

मानवता से ज्यादा दिखावे की राजनीति

उन्होंने आरोप लगाया कि हावड़ा स्टेशन इलाके में बड़े पैमाने पर चलाया गया अतिक्रमण अभियान, तिलजला और पार्क सर्कस में भड़का आक्रोश तथा सड़क पर उतरते लोगों का गुस्सा यह दिखाता है कि सरकार मानवता से ज्यादा दिखावे की राजनीति में व्यस्त है. उन्होंने कहा कि बंगाल कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाषचंद्र बोस की धरती है, यहां शासन डर, बल प्रयोग और आम नागरिकों के घर तोड़कर नहीं चलाया जा सकता. उनके मुताबिक, दिहाड़ी मजदूर, फुटपाथ दुकानदार, छोटे कारोबारी और संघर्ष कर रहे परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपना जीवन खड़ा किया है, लेकिन सरकार बुलडोजर के जरिये उनकी गरिमा पर हमला कर रही है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोगों की नहीं सुन रही सरकार

तृणमूल सुप्रीमो ने कहा कि जो सरकार पहले घर तोड़ती है और बाद में लोगों की बात सुनती है, वह बंगाल की आत्मा को भूल चुकी है. उन्होंने दावा किया कि किसी राज्य की असली प्रगति इस बात से तय होती है कि वह अपने सबसे कमजोर नागरिकों के साथ कैसा व्यवहार करता है, न कि इस बात से कि वह कितनी तेजी से लोगों को उजाड़ सकता है. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब तिलजला में अवैध निर्माण और अवैध फैक्टरी में अग्निकांड हादसे के बाद प्रशासन ने कई इलाकों में बुलडोजर कार्रवाई शुरू की है. पार्क स्ट्रीट के इलाके में इसी कार्रवाई और प्रशासनिक पाबंदियों के विरोध में प्रदर्शन और हिंसक झड़पें भी हुई थीं.

Also Read: बंगाल में औद्योगिकीकरण के लिए तैयार हो रहा ब्लूप्रिंट, अशोक लाहिड़ी ने शुरू किया काम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >