अभिषेक ने सीईसी को कहा ‘वैनिश कुमार’

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान कथित अवैध मतदाताओं के नाम हटाने को लेकर शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘वैनिश कुमार’ कहा और भाजपा सांसदों की तुलना ‘सांप’ से की, जो अंततः उन लोगों पर हमला करेंगे, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था.

कोलकाता.

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान कथित अवैध मतदाताओं के नाम हटाने को लेकर शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘वैनिश कुमार’ कहा और भाजपा सांसदों की तुलना ‘सांप’ से की, जो अंततः उन लोगों पर हमला करेंगे, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था.

अभिषेक बनर्जी ने उत्तर बंगाल में भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले अलीपुरदुआर में एक रैली को संबोधित किया. श्री बनर्जी ने अपने 19 दिवसीय राज्यव्यापी अभियान ‘अबार जीतबे बांग्ला’ (बंगाल फिर जीतेगा) के दौरान निर्धारित 26 रैलियों में से दूसरी रैली को संबोधित किया. राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव की घड़ी नजदीक आने के मद्देनजर तृणमूल ने निर्वाचन आयोग और भाजपा, दोनों पर अपना हमला तेज कर दिया है.

अभिषेक बनर्जी ने एसआइआर को लेकर निर्वाचन आयोग पर सीधा निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पात्र मतदाताओं को मनमाने ढंग से सूची से हटाया जा रहा है. क्या आप ज्ञानेश कुमार को जानते हैं? वह एक जादूगर हैं. वह मतदाता सूची से जीवित प्राणियों को गायब कर सकते हैं और मुर्दों को चला सकते हैं. अब वह ‘वैनिश कुमार’ हैं. उन्होंने दावा किया कि तृणमूल नेतागण चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग के कार्यालय गये थे, जहां हमने उनसे जानकारी उपलब्ध कराने, सब कुछ सार्वजनिक करने को कहा था. लेकिन अब जादू हो रहा है. जीवित नागरिक गायब हो रहे हैं.

अभिषेक बनर्जी ने एसआइआर प्रक्रिया की तुलना नोटबंदी से करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा : 10 साल पहले लोगों को सपने दिखाकर कतारों में खड़ा किया गया था. तब से काले धन की मात्रा बढ़ गयी है. 10 साल बाद, लोगों को फिर से कतारों में खड़ा किया जा रहा है. पहले लोग सरकार चुनते थे. अब सरकार यह तय करना चाहती है कि कौन मतदाता होगा. भाजपा सांसद और ‘सांप’ एक जैसे हैं. अपने घर के पीछे एक-दो सांप छोड़ दीजिये, सांप तो सांप ही रहेगा. वह आपके द्वारा दिया गया दूध पीयेगा और केले खायेगा, लेकिन फिर भी आपको डंस लेगा. इस बार पुरानी सोच को बढ़ावा न दें. तृणमूल को अलीपुरदुआर में मौका दें. अगर हम आपके लिए काम करने में विफल रहते हैं, तो अगली बार हमें हटा दें. अभिषेक बनर्जी ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करते हुए उनसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का उपयोग करने को कहा, ताकि लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने वालों को सबक सिखाया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >