एक जुलाई तक राज्य में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के कारण एक जुलाई तक राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

संवाददाता, कोलकातामौसम विभाग ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के कारण एक जुलाई तक राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने बुधवार को यह अनुमान जताया. आइएमडी ने कहा कि पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. विभाग ने कहा कि अनुकूल हवा के रुख और बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण 27 से 30 जून तक उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है.

आइएमडी ने कहा कि दक्षिण बंगाल में पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, उत्तर 24 परगना दक्षिण 24 परगना जिल में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.

55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार तक ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में 35 से 45 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने की संभावना है. इसकी गति बढ़कर 55 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है. विभाग ने कहा कि समुद्र के अशांत होने की चेतावनी देते हुए आइएमडी ने मछुआरों को गुरुवार तक पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में समुद्र में न जाने की सलाह दी है. बुधवार को सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में कालिम्पोंग में सबसे अधिक 64 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद दार्जिलिंग में इस अवधि के दौरान 35 मिलीमीटर बारिश हुई.

28 को यहां होगी बारिश

मौसम विभाग ने कहा कि 28 जून को उत्तर बंगाल के जिलों दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भारी बारिश होने की संभावना है. जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >