राजनीतिक सर्वेक्षण के दौरान हुगली में पकड़ा गया हरियाणा का युवक

तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है.

पुलिस युवक से कर रही पूछताछ हुगली. देवानंदपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक युवक द्वारा घर–घर जाकर सर्वेक्षण किये जाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है. बताया गया कि उत्तर प्रदेश निवासी विकास शर्मा नामक युवक इलाके में घूम-घूमकर लोगों से विभिन्न प्रकार के राजनीतिक सवाल पूछ रहा था. वह मोबाइल ऐप के माध्यम से जानकारी एकत्र कर रहा था. लोगों से पूछा जा रहा था कि वे किस दल के उम्मीदवार को पसंद करते हैं, कौन मुख्यमंत्री बने, तो अच्छा होगा. क्या वे क्षेत्र के विधायक के काम से संतुष्ट हैं, तथा सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर उनकी क्या राय है. स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक ने एक यूट्यूब चैनल के नाम पर सर्वेक्षण करने की बात कही. उसके पास से जो परिचय पत्र मिला, उसमें गुरुग्राम, हरियाणा का पता दर्ज था और उसकी पहचान “सर्वेयर” के रूप में लिखी थी. तृणमूल कार्यकर्ताओं को संदेह हुआ कि वह भाजपा के पक्ष में सर्वेक्षण कर रहा है. इसके बाद उसे पकड़कर बंडेल फांड़ी की पुलिस के हवाले कर दिया गया. हुगली जिला परिषद के प्राणी संपदा व मत्स्य विभाग के कर्माध्यक्ष निर्माल्य चक्रवर्ती ने बताया कि जब उससे पूछताछ की गयी तो मौखिक तौर पर पहले उसने खुद को यूपी का बताया. लेकिन कुछ देर बाद उसने खुद को हरियाणा का बताया. इससे संदेह बढ़ गया. वह अपनी पहचान छुपाने की कोशिश करने लगा. घटना की जानकारी पंचायत को दी गयी. पंचायत ने सलाह दी कि उसे पुलिस को सौंप दिया जाये. देवानंदपुर ग्राम पंचायत के उपप्रधान पीयूष धर ने आरोप लगाया कि बाहरी राज्य का एक युवक घरों में प्रवेश कर लोगों से राजनीतिक प्रश्न पूछ रहा था, जिससे क्षेत्र में चिंता और हलचल फैल गयी. उन्होंने बताया कि किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ में जाना है कि युवक किसी संस्था की ओर से सर्वे करने आया था. वह किस अधिकार से यह कार्य कर रहा था, इसकी जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >