राज्यपाल ने निष्पक्ष ढंग से विधानसभा चुनाव संपन्न होने की जतायी उम्मीद

राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद एसआइआर अब एक बंद अध्याय बन चुका है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्वाचन आयोग राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव निष्पक्ष रूप से करायेगा.

प्रतिनिधि, हुगली

राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद एसआइआर अब एक बंद अध्याय बन चुका है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्वाचन आयोग राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव निष्पक्ष रूप से करायेगा. राज्यपाल ने कहा : उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का अध्याय समाप्त हो चुका है. यदि इस प्रक्रिया के संचालन में कोई खामी पायी जाती है, तो निश्चित रूप से उसे संतुलित तरीके से दूर किया जायेगा. विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने उम्मीद व्यक्त की कि निर्वाचन आयोग अपनी जिम्मेदारी निष्पक्ष और सकारात्मक रूप से निभायेगा. उन्होंने कहा : निर्वाचन आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि बंगाल में चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हों. राज्यपाल ने चुनावी प्रक्रिया और इसे संचालित करने के लिए जिम्मेदार संस्थानों में जनता के भरोसे को बनाये रखने के महत्व पर जोर दिया. राज्यपाल ने त्रिवेणी कुंभ मेले के मंच से महाभारत के जयद्रथ वध प्रसंग का उल्लेख करते हुए एक संकेतपूर्ण और अर्थपूर्ण टिप्पणी किये. राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि महाभारत में जयद्रथ वध से पहले भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा था : तुम्हारे सिर पर सूर्य है, हाथ में अस्त्र है, शत्रु सामने है, कर्म करो अर्जुन, कर्म करो. इसी प्रसंग को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि आज बंगाल भी कर्म करने के लिए तैयार है.

त्रिवेणी कुंभ में राज्यपाल ने किया रुद्राभिषेक

हुगली. त्रिवेणी कुंभ मेले के दूसरे दिन राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया. सुबह वह विवेकानंद नगर से पैदल चलते हुए सप्तर्षि घाट पहुंचे और वहां से शंकराचार्य नगर स्थित साधुओं के अखाड़े में जाकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया. अखाड़े में कुछ समय बिताने के बाद उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की. इसके बाद राज्यपाल त्रिवेणी शिवपुर मैदान पहुंचे, जहां आयोजित रुद्राभिषेक यज्ञ में उन्होंने आहुति दी और राज्य की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की. इस अवसर पर बंगीय त्रिवेणी कुंभ संचालन समिति की ओर से उन्हें मंच पर सम्मानित किया गया. मेले में राज्य के परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मेले में श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >