माकपा ने बनायी नयी राज्य कमेटी 14 महिलाओं को भी मिला दायित्व

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सम्मेलन के अंतिम दिन यानी मंगलवार को नयी राज्य कमेटी बनायी गयी.

सलीम फिर बने राज्य सचिव, सुशांत सहित कई बाहर

संवाददाता, कोलकाता

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सम्मेलन के अंतिम दिन यानी मंगलवार को नयी राज्य कमेटी बनायी गयी. इस बार कमेटी से सुशांत घोष, उम्र अधिक होने के कारण विकास रंजन भट्टाचार्य, कलतान दासगुप्ता सहित कई लोगों को बाहर कर दिया गया. माकपा द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि 80 लोगों की नयी राज्य कमेटी का गठन किया गया है, जिनमें 14 महिलाएं भी शामिल हैं. राज्य कमेटी की ओर से एक बार फिर मोहम्मद सलीम को पार्टी का राज्य सचिव चुना गया है. सुशांत घोष के खिलाफ हाल ही में एक महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराने से पार्टी उनसे नाराज थी. इस बार उन्हें राज्य कमेटी में जगह नहीं दी गयी. पश्चिम मेदिनीपुर जिला कमेटी में भी उन्हें नहीं रखा गया.

इस बार कमेटी में 11 नये चेहरे

नयी कमेटी में 11 नये चेहरे लाये गये हैं. उत्तर बंगाल से पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य को पहले ही हटा दिया गया था. इस बार जीवेश सरकार को भी कमेटी से हटा दिया गया. अब उत्तर बंगाल से कोई बड़ा चेहरा राज्य कमेटी में नहीं है. 11 नये चेहरे में हुगली के युवा ट्रेड यूनियन नेता तीर्थंकर राय शामिल हैं. इसके अलावा पार्टी के मुखपत्र को डिजिटल बनानेवाले शांतनु दे को भी जगह दी गयी. बांकुड़ा से पार्टी के वरिष्ठ नेता अमिय पात्र को भी नयी कमेटी से हटा कर विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है. राज्यसभा सांसद विकास रंजन भट्टाचार्य की उम्र को देखते हुए उन्हें हटना पड़ा. उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य भी नहीं बनाया गया है. कंट्रोल कमीशन की चेयरपर्सन अंजू कर को बनाया गया है. युवा व छात्र संगठन से किसी को भी राज्य कमेटी में नहीं रखा गया है. माकपा सूत्रों के मुताबिक आनेवाले दिनों में युवा व छात्र नेताओं को आमंत्रित सदस्य के रूप में रखा जा सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >