शाहजहां मामले के गवाह की हत्या की कोशिश में गिरफ्तार आरोपी सीबीआइ की हिरासत में

बशीरहाट अदालत ने सीबीआइ की अर्जी मंजूर करते हुए आरोपी को केंद्रीय एजेंसी के हवाले करने का आदेश दिया.

कोलकाता. संदेशखाली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों पर हुए हमले के मुख्य आरोपी शाहजहां शेख के मामले के मुख्य गवाह भोला घोष की गाड़ी को टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार अब्दुल अलीम मोल्ला को राज्य पुलिस से लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने अपनी हिरासत में ले लिया है. बशीरहाट अदालत ने सीबीआइ की अर्जी मंजूर करते हुए आरोपी को केंद्रीय एजेंसी के हवाले करने का आदेश दिया. गौरतलब है कि पिछले महीने नैजाट इलाके में घोष की कार एक भयावह सड़क दुर्घटना की शिकार हो गयी थी. सामने से आ रही एक लॉरी से टक्कर में घटनास्थल पर ही घोष के बेटे और चालक की मौत हो गयी थी. इस दुर्घटना के बाद ही सवाल उठने लगे थे कि यह महज हादसा था या फिर सुनियोजित साजिश के तहत गवाह को मारने की कोशिश की गयी थी. इस मामले में पुलिस ने लॉरी चालक अब्दुल अलीम मोल्ला को गिरफ्तार किया था. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी मोल्ला, शेख शाहजहां का करीबी है. वर्ष 2024 में राशन भ्रष्टाचार मामले की जांच के दौरान जब प्रवर्तन निदेशालय (इडी) के अधिकारी शेख शाहजहां के घर तलाशी के लिए गये थे, तब उन पर हमला किया गया था. अदालत के निर्देश पर उस हमले की जांच सीबीआइ कर रही है. इसी मामले में मोल्ला को कई बार तलब किया गया था और नोटिस भेजे गये थे, लेकिन उसने सीबीआइ के सामने पेश होने से परहेज किया था. सीबीआइ को आशंका है कि ईडी टीम पर हमले में भी मोल्ला की भी भूमिका थी और उसी कड़ी में उससे गहन पूछताछ के लिए हिरासत मांगी गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >