विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने और 111 उम्मीदवारों की सूची जारी की, 39 सीटों पर प्रत्याशी तय होना बाकी
पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रत्याशी घोषित
संवाददाता, कोलकाताभाजपा ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 111 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की नयी दिल्ली में हुई बैठक के बाद पार्टी ने दूसरी सूची जारी की.पार्टी ने संदेशखाली आंदोलन से उभरी नेता रेखा पात्रा को हिंगलगंज से मैदान में उतारा है. अभिनेत्री और पूर्व सांसद रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया है. एगरा सीट से नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के भाई दिब्येंदु अधिकारी को टिकट दिया गया है. बेहला पश्चिम से पार्टी के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रनील खां को टिकट दिया गया है. रितेश तिवारी को काशीपुर- बेलगाछिया से उम्मीदवार बनाया गया है. पूर्व तृणमूल नेता तापस राय को मानिकतला से टिकट मिला है, वहीं बैरकपुर से कौस्तव बागची पर भरोसा जताया गया है. आइपीएस अधिकारी रहे डॉ राजेश कुमार को जगतदल सीट से मैदान में उतारा गया है.भाजपा ने अनामिका घोष को भरतपुर से, अरूप चौधरी को कमरहट्टी से, सनत सरदार को संदेशखाली से और मल्लिका पाइक को मंदिरबाजार से उम्मीदवार बनाया है. प्रियंका टिबरेवाल को इंटाली सीट से और सुमना सरकार को बालागढ़ सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रामाणिक को माथाभांगा, पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को नोआपाड़ा व हॉकी के पूर्व खिलाड़ी भरत छेत्री को कालिम्पोंग से प्रत्याशी बनाया गया है. भाजपा अब तक 255 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है. 39 सीटों पर प्रत्याशी तय होना बाकी है.नोमन राय को दार्जलिंग से उम्मीदवार बनाया गया गया है. हालांकि, पार्टी ने अभी तक 39 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है. उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में इसकी घोषणा भी की जा सकती है. इस सूची के साथ भाजपा के पहली सूची में दो बदलाव किये हैं, जिनमें बिष्णुपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने विश्वजीत खां को मैदान में उतारा है, वहीं जयपुर सीट पर विश्वजीत महतो के नाम का ऐलान किया है. पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे.
