आरोपी उत्तर 24 परगना के बैरकपुर का है रहनेवाला
कोलकाता. अलीपुरदुआर में एक 50 वर्षीय महिला के चेहरे पर एसिड फेंक दिया गया. महिला होटल बंद कर घर लौट रही थी, उसी दौरान उसके चेहरे पर एसिड फेंकने का आरोप है. महिला का घर अलीपुरदुआर नगरपालिका के वार्ड संख्या 17 में है. वह अपने बेटे के साथ होटल के बगल में बीजी रोड पर स्थित सुपर मार्केट के सामने किराये के मकान में रहती है. मंगलवार की रात गृहिणी होटल बंद कर बाहर निकल रही थी, उसी समय एक 35 साल के युवक ने कथित तौर पर उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया. जब वह चीखने-चिल्लाने लगी तो स्थानीय निवासी इकट्ठा हो गये. लोगों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया. उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी का नाम इंद्रजीत मुखर्जी है. वह उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर का रहनेवाला है. पीड़िता को तुरंत अलीपुरदुआर जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां उसकी हालत बिगड़ने पर उसे उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया. आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि पीड़िता और आरोपी पहले से परिचित थे. महिला शादीशुदा है. इंद्रजीत मुखर्जी कई साल पहले अलीपुरदुआर आया था. बताया जा रहा है कि तब दोनों के बीच प्रेम संबंध था.
एक बार किसी बात पर दोनों में विवाद हुआ था. बाद में युवक बैरकपुर स्थित अपने घर लौट आया. इंद्रजीत कुछ दिन पहले फिर अलीपुरदुआर गया. वहां उसने टोटो चलाना शुरू किया. क्या दोनों फिर से एक दूसरे के संपर्क में थे या युवक फिर से संपर्क बनाने के लिए गया था. पुलिस इसकी जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि एसिड अटैक विवाहेतर संबंधों के कारण हुआ है. पुलिस इस नजरिये से भी जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
