निर्वाचन आयोग(इसीआइ) ने दुर्गापुर गवर्नमेंट कॉलेज में काउंटिंग सेंटर बनाया है, जहां दुर्गापुर पूर्व, पश्चिम और पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र की इवीएम सुरक्षित रखी गयी हैं.
निर्वाचन आयोग(इसीआइ) ने दुर्गापुर गवर्नमेंट कॉलेज में काउंटिंग सेंटर बनाया है, जहां दुर्गापुर पूर्व, पश्चिम और पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र की इवीएम सुरक्षित रखी गयी हैं. इन मशीनों का खुलना चार मई को तय है, जिसके बाद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा. इस बीच कॉलेज से करीब 200 मीटर दूर बने पहरा केंद्र में तृणमूल कार्यकर्ता दिन-रात स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं. कार्यकर्ता गर्मी के बीच खुद को सक्रिय रखने के लिए गुड़ और बताशे खा रहे हैं और राहगीरों को भी बांट रहे हैं.
इवीएम सुरक्षा को लेकर सतर्कता
तृणमूल कार्यकर्ताओं का कहना है कि इवीएम की सुरक्षा को लेकर वे पूरी तरह सतर्क हैं. उनका दावा है कि किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है. कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे चिलचिलाती गर्मी में खुद को फिट रखने के लिए गुड़ व बताशे खा रहे हैं और ऐसे ही पहरेदारी कर रहे हैं.
राजनीतिक बयानबाजी तेज
दो नंबर ब्लॉक के युवा अध्यक्ष अजय देबनाथ ने कहा कि कार्यकर्ता अनुब्रत मंडल की सलाह के अनुसार गुड़-बताशे खा रहे हैं और समर्थकों के बीच भी बांट रहे हैं. उन्होंने कहा कि परिणाम आने तक वे इसी तरह डटे रहेंगे. वहीं, भाजपा जिला प्रवक्ता सुमंत मंडल ने तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता इस बार फैसला सुनायेगी. उन्होंने तृणमूल नेताओं की भाषा व बयानबाजी पर भी टिप्पणी की. काबिल-ए-गौर है कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में अनुब्रत मंडल उर्फ केष्टो अपने अलग अंदाज व बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहे हैं.