संगठित माफिया कर रहे अवैध कोयला कारोबार का संचालन

सुरक्षा में तैनात जवान लाचार रहते हैं. जवानों के साथ बदमाश गाली-गलौज करते हैं और धमकी भी देकर जाते हैं.

आसनसोल/रूपनारायणपुर. इसीएल के कोयला खदानों में अवैध अतिक्रमण दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है. सैकड़ों की संख्या में अज्ञात बदमाश प्रतिदिन कोयला चोरी करने के इरादे से खदान और कोयला डिपो में जबरन प्रवेश करते हैं और कोयला लूट कर ले जाते हैं. सुरक्षा में तैनात जवान लाचार रहते हैं. जवानों के साथ बदमाश गाली-गलौज करते हैं और धमकी भी देकर जाते हैं. यह कार्य संगठित माफियाओं द्वारा किया जा रहा है, जो गलत लाभ कमाने के लिए सालानपुर क्षेत्र के लीज होल्ड में अवैध रूप से कोयला के कारोबार में लगे हुए हैं. यह आरोप लगाते हुए इसीएल सालानपुर के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी दिलीप प्रसाद और वरिष्ठ सुराक्ष निरीक्षक सुब्रत साहा ने दो अलग-अलग शिकायतें सालानपुर थाने में दर्ज करायीं हैं. एक शिकायत डाबर कोलियरी को लेकर और दूसरी शिकायत मोहनपुर कोलियरी को लेकर की गयी है.

गौरतलब है कि बुधवार को इसीएल सुरक्षा विभाग के उप महाप्रबंधक मेजर शरदिंदु तिवारी के निर्देश पर सालानपुर इलाके के दो कोलियरियों डाबर और मोहनपुर के संलग्न इलाकों में छापेमारी हुई. मोहनपुर से सटे पहाड़गोड़ा गांव में चार बैलगाड़ी और एक साइकिल जब्त की गयी. बैलगाड़ी में 500 किलो और साइकिल पर 120 किलो कोयला लदा था. इसके अलावा विभिन्न जगहों से 11.960 टन कोयला जब्त किया गया.

डाबर कोलियरी से सटे रांगामोड़ इलाके में चार बाइक जब्त किये गये. सभी पर 120 किलो करके कोयला लदा था. इसके अलावा विभिन्न जगहों पर इकट्ठा किया गया 10.800 टन कोयला जब्त किया गया. इन छापेमारियों को लेकर सालानपुर थाने में शिकायत दर्ज हुई.

श्मशान कालीमंदिर की ओर खदान में अवैध गैलरी की खुदाई कर रहे हैं कोयला चोर

क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभारी श्री प्रसाद ने अपनी शिकायत में कहा है कि डाबर कोलियरी के खदान में श्मशान कालीमंदिर की ओर अवैध गैलरी की खुदाई हो रही है. जिसके कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसमें भारी जान-माल का नुकसान भी होने की संभावना है. इस बारे में चेतावनी देने के लिए कोलियरी के आसपास के गांवों में माइकिंग भी की गयी है. क्षेत्र में कोयला चोरी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. इस खतरे को नियंत्रित नहीं किया जा सकता है, क्योंकि यह संगठित माफियाओं द्वारा किया जा रहा है. प्रतिदिन लगभग 300 अज्ञात बदमाश कोयला चोरी करने के इरादे से खदान और कोयला डिपो में जबरन घुस आते हैं. सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ गाली-गलौज करते हैं और धमकी देते हैं. करीब 40-50 मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाश नियमित रूप से भोर चार बजे से सुबह सात बजे तक कोयला चोरी करने के इरादे से डाबर कोलियरी के मुख्य द्वार पर जबरन कब्जा कर लेते हैं, जिससे श्रमिकों का कार्यस्थल पर प्रवेश और निकास अवरुद्ध हो जाता है. शिकायत में श्री प्रसाद ने जो आरोप लगाये हैं, उससे सहज ही अंदाजा लग सकता है कि कोयला चोरों के आगे सभी लाचार हैं. यह प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है. मोहनपुर कोलियरी में भी एक ही कहानी है. सालानपुर एरिया के वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक श्री साहा ने भी अपनी शिकायत में यही बातें दोहरायी है कि भारी संख्या में अज्ञात बदमाश कोलियरी और डिपो में अवैध रूप से घुस जाते हैं. कोयला चोरी करते हैं. इसपर काबू पाना कठिन है क्योंकि यह संगठित माफियाओं द्वारा किया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >