बंगाल में जयराम महतो की राजनीतिक एंट्री 2026 विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान

सभा स्थल पर हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की पहली जनसभा में उमड़ी भीड़ पुरुलिया. पश्चिम बंगाल की धरती पर पहली बार झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए विशाल जनसभा का आयोजन किया. पुरुलिया जिले के जयपुर थाना क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट मोड़ के गोविंद महतो स्टेडियम में आयोजित इस जनसभा में झारखंड के विधायक और पार्टी के एकमात्र सांसद जयराम महतो मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे. सभा स्थल पर हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. जंगलमहल में विकास की कमी पर तीखी टिप्पणी: अपने संबोधन में जयराम महतो ने जंगलमहल क्षेत्र में विकास की कमी को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में जेएलकेएम सक्रिय रूप से हिस्सा लेगी. पार्टी औद्योगिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी. महतो ने कहा कि जंगलमहल के लोगों में बृहद झारखंड की मांग इसलिए उठ रही है क्योंकि राज्य सरकार ने इस क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की है. उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, “दीदी खेला होबे की राजनीति करती हैं, लेकिन जंगलमहल के विकास के लिए कोई ठोस पहल नहीं करतीं.” सीएनटी एक्ट लागू करने की मांग दोहरायी : जयराम महतो ने पश्चिम बंगाल में छोटानागपुर टेनेंसी (सीएनटी) एक्ट लागू करने की मांग दोहरायी. उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने से आदिवासी और मूलवासी समुदायों को अपनी जमीन पर हक और सुरक्षा मिलेगी. “झारखंड में यह कानून पहले से लागू है, बंगाल में भी इसे लागू किया जाना चाहिए ताकि जल, जंगल और जमीन की रक्षा हो सके,” उन्होंने कहा. राजनीतिक विरोधियों पर कटाक्ष, कुरमाली में ली शपथ का उल्लेख बिना नाम लिए जयराम महतो ने आजसू प्रमुख सुदेश महतो और स्थानीय नेता अजीत महतो पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि “कुछ लोग समाज के नाम पर पूंजीपतियों से सौदे कर राजनीति कर रहे हैं, जबकि हम समाज के अधिकारों के लिए सच्चे अर्थों में संघर्ष कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, “मैं देश का पहला विधायक हूं जिसने कुरमाली भाषा में शपथ ली. राजनीति आती-जाती रहती है, लेकिन समाज के हितों के लिए मेरी लड़ाई हमेशा जारी रहेगी.” सभा के अंत में जयराम महतो ने कहा कि वे भले ही धनबाद के निवासी हैं, लेकिन जंगलमहल के हर व्यक्ति के हक और सम्मान के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >