झुलसे लोगों में कोलकाता पुलिस का एएसआइ संजय कुंडू भी बांकुड़ा. विष्णुपुर कस्बे में गैस सिलिंडर लीक होने से लगी आग में कोलकाता पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक(एएसआइ) संजय कुंडू, उनके ससुर जगन्नाथ पाल व सास सविता पाल बुरी तरह झुलस गये. यह हादसा विष्णुपुर नगरपालिका के वार्ड 18 के अकुंजीपाड़ा में शुक्रवार रात हुआ. तीनों घायलों को विष्णुपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.
रसोई में फैल गयी गैस, लाइटर से लगी आग
स्थानीय सूत्रों की मानें, तो सविता पाल रात में खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं. पुराने सिलिंडर में गैस खत्म होने पर उन्होंने नया सिलिंडर लगाया, लेकिन वो ठीक से कनेक्ट नहीं हुआ.
इससे गैस पूरे कमरे में फैल गयी. उसी दौरान सविता पाल के साले जगन्नाथ पाल व दामाद संजय कुंडू भी रसोई में पहुंचे. जैसे ही उन्होंने ओवन में लाइटर जलाया, आग पूरे कमरे में फैल गयी और तीनों लोग बुरी तरह झुलस गये. आग की लपटों में घर के दरवाजे, खिड़कियां, फर्नीचर व अन्य सामान भी जल गये.दमकल ने आग पर पाया काबू, तीनों की हालत नाजुक
पड़ोसियों की चीख-पुकार सुन कर लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी. विष्णुपुर अग्निशमन केंद्र से एक इंजन के साथ पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर जल्द ही काबू पाया और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार, घायलों के शरीर का 60 से 80 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है और उनकी स्थिति गंभीर है.प्रशासन का मदद का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर विष्णुपुर नगरपालिका के अध्यक्ष, स्थानीय विधायक और पार्षद देर रात ही अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों के परिजनों से बातचीत की और इलाज में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. प्रशासन का कहना है कि हादसे का कारण सिलिंडर लीक और गैस का जमाव लगता है. इस दुर्घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
