दो दिनों में पांच सड़क दुर्घटनाओं की विभिन्न थानों में दर्ज हुई प्राथमिकी

हादसा. तीन लोगों की हुई मौत और दो की हालत गंभीर

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस फैला रही है जागरूकता, नहीं थम रहा दुर्घटनाओं का दौर अधिकांश मौतें होती हैं दो पहिया वाहन चालकों की, हेलमेट न रहना मौत का सबसे बड़ा कारण आसनसोल. सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता फैलाने के बावजूद भी इसपर अंकुश नहीं लग रहा और आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में हर साल औसत 310 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में होती है. वर्ष 2021 में 300 लोगों की मौत, वर्ष 2022 में 365 की मौत, वर्ष 2023 में 354 की मौत और वर्ष 2024 में 297 लोगों की मौत हुई है. वर्ष 2025 में भी इसी औसत से लोगों के सड़क दुर्घटनाओं में मरने का सिलसिला जारी है. पिछले दो दिनों में कुल पांच दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई और दो गंभीर रूप से घायल हुए. दुर्घटना में लोगों की जान न जाये, इसे लेकर पुलिस ने पथ बंधुओं की तैनाती हर इलाके में की है. सड़क किनारे होटल, चाय दुकान, गैरेज आदि जगहों पर कार्य करने वालों को पथबंधु के रूप में रखा गया है, सड़कों पर दुर्घटना होने पर इन्ही लोगों को सबसे पहले जानकारी होती है. दुर्घटना के बाद तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया जा सके, ताकि उसकी जान बच जाये. इसके बावजूद भी लोगों के जान जा रही है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें दो पहिया वाहन चालकों की होती है और हेलमेट का न होना मौत की बड़ी वजह होती है. जागरूकता से ही सड़क हादसों को कम किया जा सकता है.

केस एक

सालानपुर थाना क्षेत्र के सालानपुर बाउरी पाड़ा के निवासी अपर्णा बाउरी की शिकायत पर कुल्टी थाने में मंगलवार को कांड संख्या 581/25 में बीएनएस की धारा 281/106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई. शिकायत में श्रीमती बाउरी ने कहा गया कि 28 सितंबर को उनके पति सूर्य बाउरी बाइक से घर आ रहे थे, नीमतलामोड़ पर घोष होटल के पास तेजी से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, वे गंभीर रूप से घायल हो गये. जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

केस दो

एटीएस थाना क्षेत्र के विधाननगर हाउसिंग कॉलोनी इलाके की निवासी शिल्पी राय की शिकायत पर मंगलवार को एनटीएस थाना में कांड संख्या 129/25 में बीएनएस की धारा 281/106(1)/125(बी)/324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई. शिकायत में सुश्री राय ने बताया कि 29 सितंबर को उनके पिता पंकज राय स्कूटी से घर लौट रहे थे. डॉ. जाकिर हुसैन एवेन्यू में विधाननगर बॉयज हाइस्कूल के पास एक बाइक ने उनके पिता के स्कूटी को टक्कर मार दी. उनके पिता गिर गये और गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें दुर्गापुर के दो बड़े निजी अस्पतालों ने कुछ दिनों के अंतराल पर दाखिल कराया गया. दो अक्तूबर को उनकी मौत हो गयी.

केस तीन

आउसग्राम थाना क्षेत्र के नृसिंहपुर इलाके के निवासी लांबा हेम्ब्रम की शिकायत पर बुदबुद थाना ने सोमवार को कांड संख्या 155/25 में बीएनएस की धारा 281/106(1)/324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई. शिकायत में श्री हेम्ब्रम ने बताया कि तीन अक्तूबर को उनका भाई एनएच-19 पर साइकिल से बुदबुद से अपने कार्य स्थल पर जा रहा था. पानागढ़ बाइपास के निकट दुर्गा होटल के पास एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे दुर्गापुर महकमा अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.

केस चार

रानीगंज थाना क्षेत्र के पीएन मालिया रोड इलाके के निवासी विष्णु सिंह की शिकायत पर रानीगंज थाने में सोमवार को कांड संख्या 305/25 में बीएनएस की धारा 281/125(ए) के तहत सोमवार को प्राथमिकी दर्ज हुई. शिकायत में श्री सिंह ने बताया कि दो अक्तूबर को वह अपनी बाइक से रानीगंज रेलवे स्टेशन के पास जा रहे थे. नशे की हालत में वाहन चला रहे एक व्यक्ति ने उन्हें अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी. जिसमें वे घायल हो गये और इलाज के लिए उन्हें स्थानीय अस्पताल में दाखिल किया गया. वाहन चालक फरार हो गया.

केस पांच

दुर्गापुर थाना क्षेत्र के रामकृष्णपल्ली मेनगेट इलाके की निवासी अर्चना माजी की शिकायत पर दुर्गापुर थाना में सोमवार को कांड संख्या 400/25 में बीएनएस की धारा 281/125(ए)/125(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई. शिकायत में श्रीमती माजी ने बताया कि 30 सितंबर को उनके पति अपने इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर आ रहे थे. विधानपल्ली इलाके में विधानचंद्र सरणी के निकट स्थित शिवमंदिर के पास एक बाइक चालक ने उनके पति को टक्कर मार दी. उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गये. एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >