रूपनारायणपुर. सालानपुर थाना क्षेत्र के वृंदावनी गांव में पिछले 15 दिनों से लकड़बग्घों का आतंक फैला हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि लगभग चार लकड़बग्घे गांव के आसपास घूम रहे हैं, जिसके कारण लोगों में दहशत का माहौल है. यहां के अधिकांश लोग डीवीसी के मैथन डैम से मछली पकड़ने जाते हैं, यही उनकी जीविका है. लेकिन डर के कारण वे घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. इसका सीधा असर आर्थिक स्थिति पर भी पड़ रहा है. ग्रामीण रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं, शाम होते ही सभी घरों के दरवाजे बंद कर लिए जाते हैं. ग्रामीण पिंकी दास ने कहा कि हमलोग बेहद डर में जी रहे हैं. बच्चे तो बिल्कुल भी घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. जहांआरा बीबी ने बताया की हमने कई बार वन विभाग को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं आया है. अगर जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. कई जगहों पर लकड़बग्घों के पैरों के निशान साफ देखे जा सकते हैं. बताया गया है कि गांव के अनेक कुत्ते भी गायब हो गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
