Durgapur West BJP vs TMC Tension| दुर्गापुर, नीरज श्रीवास्तव : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से पहले दुर्गापुर में सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है. शुक्रवार को दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार लखन घोरुई को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब उनके चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों ने ‘वापस जाओ’ (Go Back) के नारे लगाने शुरू कर दिये. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया और भाजपा उम्मीदवार को अपना प्रचार अभियान बीच में ही रोककर इलाके से वापस लौटना पड़ा.
बूथ नंबर 126 पर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
लखन घोरुई अपनी टीम के साथ भिरंगी चासी पाड़ा इलाके के बूथ नंबर 126 पर जनसंपर्क कर रहे थे. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया और कड़वे सवाल पूछने शुरू कर दिये. लोगों का सीधा सवाल था- आप पिछले 5 साल तक कहां थे? इस सवाल के बाद बहस शुरू हो गयी. आरोप है कि देखते ही देखते एक गुट ने ‘गो बैक’ के नारे लगाये. दूसरी तरफ से ‘जय बांग्ला’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.
भाजपा ने बताया साजिश
इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा उम्मीदवार लखन घोरुई ने इसे तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सोची-समझी साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि यह आम लोगों का गुस्सा नहीं, बल्कि तृणमूल के कुछ कैडरों का काम है. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के लोग मतदाताओं को डरा-धमका रहे हैं, लेकिन जनता वोट की चोट से इसका करारा जवाब देगी.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
टीएमसी ने घोरुई पर किया पलटवार
तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व बोरो चेयरमैन रामप्रसाद हलदर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा- भाजपा उम्मीदवार केवल चुनाव के समय ही नजर आते हैं. पिछले 5 सालों में स्थानीय भाजपा विधायक कहीं नहीं दिखे. इसलिए जनता का गुस्सा स्वाभाविक है. लोग खुद उनका विरोध कर रहे हैं.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
इस घटना के बाद भिरंगी चासी पाड़ा इलाके में राजनीतिक तनाव काफी बढ़ गया है. दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच छिटपुट झड़प की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी है. स्थानीय सूत्रों का कहना है कि चुनाव से ठीक पहले इस तरह की घटना मतदाताओं के ध्रुवीकरण का संकेत दे रही है.
इसे भी पढ़ें
कालीघाट के पास रोड शो के दौरान भाजपा-तृणमूल कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, देखें Video
BJP के प्रचार में बवाल, कार्यकर्ताओं ने TMC प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा, ‘मार का बदला मार’ की चेतावनी
बंगाल चुनाव 2026: कोलकाता की सड़कों पर संग्राम, CEO दफ्तर के बाहर BLO और पुलिस में भिड़ंत
