पानागढ़ : दिखाया दम, लिया पुलवामा का बदला

पानागढ़ : पाकिस्तान के आतंकी हमले का जवाब देते हुए मंगलवार प्रातः भारतीय वायु सेना की ऐयर स्ट्राइक किये जाने की सूचना फैलते ही बीरभूम जिले के बोलपुर आदि इलाकों में लोगों ने खुशी जाहिर की. बिन होली के होली खेलते देखे गये. लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाया. समूचे जिले में खुशी का […]

पानागढ़ : पाकिस्तान के आतंकी हमले का जवाब देते हुए मंगलवार प्रातः भारतीय वायु सेना की ऐयर स्ट्राइक किये जाने की सूचना फैलते ही बीरभूम जिले के बोलपुर आदि इलाकों में लोगों ने खुशी जाहिर की. बिन होली के होली खेलते देखे गये. लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाया. समूचे जिले में खुशी का माहौल है.
14 फरवरी को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में पाकिस्तानी आतंकियों के आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 42 जवान मारे गए थे. घटना के बाद से प्रधानमंत्री ने बदला लेने का आश्वासन दिया था. बताया जाता है कि महज 12 दिन के अंदर ही भारती वायु सेना ने पीओके में तीन आतंकी ठिकानों पर बमबारी कर उनके ठिकानों को नेस्तोनाबूद कर दिया. बर्दवान जिले में भी इस कार्रवाई के बाद आम लोगों में खुशी देखी गई.
आतंकी ठिकाने पर हमले से भाजपा में उल्लास
बांकुड़ा. मंगलवार सुबह भारतीय वायु सेना ने आतंकियो के ठिकानो को नेस्तानाबूद किये जाने की खुशी देश भर में देखी गई. मंगलवार को बांकुड़ा ज़िला भाजपा की तरफ से नुतनगंज स्थित जिला कार्यालय के समक्ष उल्लास देखा गया. लोगों ने खुशी में मिठाई वितरण किया तथा खुशी में तिरंगे एवं वायुसेना को सैल्यूट किया.
प्रदेश भाजपा महासचिव राजू बनर्जी, जिला अध्यक्ष विवेकानंद पात्र, जिला महासचिव सौगत पात्र ,जिला नेता अजय घटक, जिला महिला मोर्चा की मनिका दत्ता, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष देवाशीष दत्ता एवं अन्य जिला नेता उपस्थित थे. इस मौके राजू बनर्जी का कहना कि पाकिस्तान को आतंकी हमले का जवाब हमारे सैनिकों ने दे दिया है.
घाटी में चल रहे आतंकी ठिकानों पर वायुसेना ने शिविरों को तहस नहस कर दिया. प्रधानमंत्री ने चौकीदार के रूप में देश की सुरक्षा का परिचय दिया आज इसी खुशी में लोगो के बीच मिठाई वितरित किया गया. वही जिला अध्यक्ष विवेकानंद पात्र एवं महासचिव सौगत पात्र का कहना कि वायुसेना को हम लोग सैल्यूट करते है.
आतंकी शिविरों पर हमले की खुशी में बांटी मिठाइयां
दुर्गापुर. भारतीय वायु सेना की ओर से पाकिस्तान के आतंकी शिविरों ध्वंस किए दिए जाने के बाद शिल्पांचल में खुशियों की लहर है. शहर के कई इलाकों में भारतीय वायु सेना की ओर से की गई कार्रवाई पर खुशी जताते हुए बैंड बाजे के साथ लोगों में लड्डू बांटा गया. शहर के भीरंगी संलग्न चासी पारा इलाके में विवेकानंद संस्था की ओर से जीत की खुशी में नाचते गाते राहगीरों को लड्डू वितरण किया.
संस्था के महेश महतो ने कहा कि पाकिस्तान को भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइकल कर जो बहादुरी दिखाई है इससे हर नागरिक गर्व महसूस कर रहा है. इस खुशी पर संस्था की ओर से मिठाई वितरण किया गया है. इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में सेना की जीत की खुशी में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.
पाक पर किये गये हमले की खुशी में भाजपा ने निकाला जुलूस
रानीगंज. बीते 12 दिन पूर्व पुलवामा में आतंकियों द्वारा किये गए हमला में भारत के 42 जवानों के शहादत का जवाब देते हुए मात्र 12 दिन के अंदर भारत ने मंगलवार भोर में पीओके में डेरा जमाए हुए पाकिस्तानी आतंकियों पर भारतीय वायु सेना की कार्रवाई की खुशी में रानीगंज भाजपा मंडल की ओर से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने रानीगंज के डॉलफिन मैदान से जुलूस निकाला.
पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए इतवारी मोड़ पर पहुंची जहां भाजपा कार्यकर्ता सभापति सिंह, शमशेर सिंह, मदन त्रिवेदी, दिनेश सोनी, अलख देव पांडे आदि ने आतिशबाजी की. वहीं इस मौके पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा देश के लिए मंगल कामना की. इस मौके पर सभापति सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तानी आतंकवादियों पर हवाई सैन्य कार्यवाई कर जवाब दिया है. इससे भारतवासी प्रधानमंत्री पर गर्व महसूस कर रहे हैं एवं प्रधानमंत्री के इस कदम को शाबाशी दे रहे हैं.
दूसरी ओर जेके नगर लाइनपार नवनीत क्लब के प्रांगण से स्थानीय युवकों ने पकिस्तानी आतंकियों पर एयर सर्जिकल स्ट्राइक के समर्थन में जुलूस निकाला. पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जय-जयकार किया. इसके साथ ही साथ बीते दिन पुलवामा में हुए शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के लिए मंगल कामना करते हुए स्मरण किया.
इस मौके पर आकाश चौधरी, क्रांतिसिंह ,अमरदीप बर्मन शमशाद अंसारी, कपिल दुबे, फूलचंद ,कृष्णा सिंह आदि उपस्थित थे. यह जुलूस लाइन पार, कुम्हार पट्टी, जेके नगर बाजार, जेमेरी ग्राम, ओल्ड माइंस होते हुए वापस नवनीत क्लब के प्रांगण में समाप्त हुआ. वहीं जमकर आतिशबाजी भी की गई. इस मौके पर क्रांति सिंह ने बताया कि जिस प्रकार पीएम नरेंद्र मोदी ने आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है इससे हम भारतवासी गर्वित महसूस कर रहे हैं. भारत यह साबित कर दे रहे हैं कि भारत की और अगर कोई आंख उठाकर भी देखेगा तो उसका यही हश्र होगा.
सेना की कार्रवाई को समर्थन करते हुए लड्डू बांटे गये
आद्रा. पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के शहीद 45 जवान का बदला लेते हुए मंगलवार तड़के भारतीय वायु सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर घाटी के आतंकवादी ठिकानों पर जमकर हमला किया. सेना की कार्रवाई में आतंकवादियों के कमांडर सहित सैकड़ों आतंकवादी मारे गए. सेना की ओर से की गई कार्रवाई से पूरे देश में जश्न मनाया जा रहा है. पुरुलिया जिले के कई हिस्सों में भी सेना की इस कार्रवाई से खुश होकर लोगों ने रघुनाथपुर शहर में शहीद खुदीराम मूर्ति के नीचे भाजपा नेता कानून कृष्ण सिन्हा एवं फाल्गुनी मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय तथा पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जश्न में शामिल हुए.
इस जश्न के दौरान स्थानीय लोगों में लड्डू बांटे एवं अबीर-गुलाल खेलते हुए भारतीय सेना के कार्यवाही के समर्थन किया. भाजपा श्रमिक संगठन के जिला सचिव काजल कृष्ण सिन्हा तथा युवा मोर्चा के रघुनाथपुर शहर सचिव फाल्गुनी मिश्रा ने कहा जिस तरह से पाकिस्तानी आतंकवादियों ने पुलवामा में हमारे 42 जवानों की हत्या की थी.
सेना ने जिस प्रकार कार्रवाई की है यह पाकिस्तान का मुंहतोड़ जवाब है और हमारी सेना ने 300 के लगभग आतंकवादियों नाश कर दिया. हमारे सेना की तथा प्रधानमंत्री अदम्य साहस का परिचय है. इसी तरह से देश आगे बढ़ता रहे हमारी सेना पूरे देश से आतंकवाद को समाप्त करें.
कड़ी सुरक्षा के बीच उच्च माध्यमिक परीक्षा आरंभ
आद्रा. मंगलवार पूरे राज्य के साथ साथ पुरुलिया जिले में भी कुल 78 उच्च माध्यमिक परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच उच्च माध्यमिक परीक्षा आरंभ हुई. इस दिन परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस प्रशासन परीक्षा केंद्रों पर तैनात किये गये थे. शिक्षकों ने परीक्षार्थियों को कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया गया. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल ना ले जाने के लिए पोस्टर चिपकाए गए हैं. कई परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी भी लगाई गई है. परीक्षा केंद्र से 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गयी है. शिक्षा विभाग के अनुसार इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा में कुल 27957 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जिनमें से छात्रों की संख्या 1407 तथा छात्राओं की संख्या 13886 है.
शांतिपूर्ण हुई उच्च माध्यमिक की परीक्षा
अंडाल. अंडाल प्रखंड के परीक्षा केंद्रों पर उखड़ा एवं आसपास के इलाकों में उच्च माध्यमिक की परीक्षा शांतिपूर्ण हुई. अंडाल थाना एवं उखड़ा आउटपोस्ट पुलिस साथ में तृणमूल युवा कांग्रेस की ओर से परीक्षार्थियों को गुलाब का फूल, कलम एवं पानी का बोतल देकर हौसला आफजाई की. इस मौके पर अंडाल थाना प्रभारी राजशेखर मुखर्जी एवं उखड़ा आउटपोस्ट के प्रभारी लक्ष्मी नारायण दे उपस्थित थे. दोनों प्रभारियों ने खांदा हाई स्कूल मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों को फूल, कलम एवं पानी का बोतल प्रदान किया.
कई विद्यार्थियों ने सभी अधिकारियों के पैर छूकर आशीर्वाद लेते देखे गये. छात्र-छात्राओं ने बताया कि बहुत अच्छा लगता है जब हमें इस उम्र में अच्छी मुकाम हासिल करने की बात कहता है. उखड़ा आदर्श हिंदी हाई स्कूल का सेंटर उखड़ा केवी इंस्टिट्यूशन में पड़ा था.
दोनों हाथ एवं पैर से विकलांग सुदीप ने दी परीक्षा
आद्रा. दोनों हाथ एवं पैर से विकलांग सुदीप ने उच्च माध्यमिक परीक्षा दी. आद्रा अरविंद पारा इलाके के रहने वाले सुभदीप इस वर्ष आद्रा निगम नगर उच्च विद्यालय के छात्र का सेंटर आद्रा दक्षिण पूर्व रेलवे बालिका उच्च विद्यालय में पड़ा हैं. उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद के नियमों के अनुसार सुजीत को एक घंटा अतिरिक्त समय के साथ साथ एक विशेष कमरे की व्यवस्था की गयी है. अपने दोनों हाथ एवं पैरों से लाचार होने के कारण शिक्षा विभाग उसे राइटर उपलब्ध कराया है.
अतिरिक्त मिले एक घंटा से पहले ही सुभदीप ने परीक्षा समाप्त कर खुशी जाहीर करते हुए व्हील चेयर पर बैठकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकला. उसने बताया पेपर बहुत ही अच्छा हुआ है, आने वाले दिनों में भी वह अच्छी तरह परीक्षा देगा और प्रथम श्रेणी में आने की कोशिश करेगा. उसके इस अदम्य साहस के पीछे अपनी मां लेखा चक्रवर्ती तथा पिता सुसैनकांत चक्रवर्ती को प्रेरणा बताया. उसने बताया कि मेरे हाथ-पैर खराब हैं लेकिन भगवान ने मुझे दिमाग दिया है जिसके बल पर वह अच्छे नंबरों से पास करेगा और आगे चलकर शिक्षक बनकर समाज को शिक्षित करेंगा. सुभदीप के इस साहस को देखकर परीक्षार्थियों में एक नया जोश था.
नेत्रहीन परीक्षार्थी के लिए बीडीओ ने की व्यवस्था
जामुड़िया. जमुडीया थाना अंतर्गत बहादुरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत धसल ग्राम के रहने वाले उच्च माध्यमिक छात्र सुनील बावरी जन्म से नेत्रहीन है. घर से 7 किलोमीटर नंदी हाई स्कूल में परीक्षा केंद्र पड़ा तो वह अपने आप को असहाय महसूस करने लगा. इसकी खबर जमुडीया के वीडियो अनुपम चक्रवर्ती को मिली तो उन्होंने तत्काल छात्र के लिए रोजाना चार पहिया वाहन से परीक्षा केंद्र लाने और लेजाने के लिए व्यवस्था की. वहीं छात्र के घर की आर्थिक अवस्था भी ठीक नहीं है. किसी तरह ग्राम के समीप स्कूल से बोर्ड पास कर 12वीं की पढ़ाई कर परीक्षा की तैयारी की. सोमवार को चार चक्का वाहन से सुनील बावरी परीक्षा केंद्र पहुंचा. इस बात को लेकर छात्र सुनील बावरी का कहना है कि इस तरह के सहृदय के लोग समाज में रहे तो कोई भी व्यक्ति स्वंय को असहाय महसूस नहीं करेंगा. वही वीडियो अनुपम चक्रवर्ती का कहना है अगर छात्र-छात्राओं में पढ़ने की ललक हो तो उनकी हर समस्या का समाधान करने के लिए वे तत्पर है.
उच्च माध्यमिक परीक्षा के प्रथम दिन छात्रों में बांटे पानी के बोतल व पेन
दुर्गापुर: पश्चिम बंग राज्य शिक्षा बोर्ड (वेस्ट बंगाल काउंसिल ऑफ सेकेंडरी हायर एजुकेशन) द्वारा उच्च माध्यमिक परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गयी है जो 13 मार्च तक चलेगी. प्रथम दिन सभी केंद्रों में निर्धारित समय से परीक्षार्थियों पहुंच गये थे. प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की थी. इस वर्ष दुर्गापुर महकमा के विभिन्न स्कूलों से 10666 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहा है.रेगुलर परीक्षार्थियों की संख्य 10373 है, लेकिन 10247 परीक्षार्थी ही मौजूद रहें.
दुर्गापुर महकमा माध्यमिक परीक्षा के कन्वेंनर डॉ. कलिमूक हक ने बताया कि प्रथम विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. किसी प्रकार से कोई गड़बड़ी का शिकायत नही मिला है. दूसरी तरफ एनटीएस थाना प्रभारी बी जोन समादर की तरफ से एबीएल हाई स्कूल में छात्र छात्राओं को पेन और फूल देकर शुभकामनाएं दीं.
शहर के 32 नंबर वार्ड अंतर्गत पलाशदिहा हाई स्कूल के समीप पार्षद मानस राय एवं तृणमूल कमेटी की ओर से परीक्षार्थियों को पानी की बोतल एवं पेन बांटा गया. भारतीय हिंदी हाई स्कूल के समक्ष दो नंबर ब्लॉक अध्यक्ष बिप्लब विश्वास एवं उनके कमेटी के सदस्यों ने छात्रों को पानी का बोतल बांटा. मौके पर वार्ड पार्षद दीपाली मंडल उपस्थित थी. दुर्गापुर स्टेशन में सीएनजी ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन की तरफ से उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी को पेन, पानी का बोतल दिया गया जबकि प्रथभ दिन मुफ्त में परीक्षार्थी का ऑटो परिसेवा दी गयी.
पानागढ़ हिंदी हाई स्कूल में परीक्षा के दौरान छात्रों ने की तोड़फोड़
पानागढ़. पानागढ़ बाजार हिंदी हाई (एचएस) स्कूल में मंगलवार को राज्य उच्च माध्यमिक परीक्षा के प्रथम दिन कुछ तथाकथित छात्रों ने तोड़फोड़ की. कई कमरे में लगे पंखे को तोड़ा और वायरिंग को तहस नहस कर दिया गया. सूचना पर विद्यालय पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
हालांकि सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण छात्रों की शिनाख्त नही हो सकी है. विद्यालय के प्रधान शिक्षक सुरेश प्रसाद ने बताया कि ब्लॉक के दो विद्यालय सिलामपुर हाई स्कूल तथा काकसा बॉयज हाई स्कूल के छात्र छात्राओं का सेंटर पड़ा है. दोनों विद्यालय के कुल 249 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
हायर सेकेंडरी परीक्षा शांति पूर्ण रूप से शुरू
बांकुड़ा. जिले के 79 केंद्रों में शुरू हुई हायर सेकेंडरी परीक्षा शांतिपूर्ण हुई. परीक्षा के पहले परीक्षार्थियों के केंद्र में मोबाइल के रोक पर जांच पड़ताल के दौर से परीक्षार्थियों को गुजरना पड़ा. वहीं एक तरफ प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की तरफ से परीक्षार्थियों के सहलुयत को ध्याम में रखा गया. वहीं शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के प्रत्येक परीक्षा केंद्र में परीक्षा शांतिपूर्ण रूप से शुरू हुई. कहीं किसी प्रकार की अशांति की घटना नहीं घटी. इस बार जिले से लगभग 35 हजार परिक्षार्थी परीक्षा दे रहे है.
परीक्षार्थियों के लिए की गयी बस की व्यवस्था
रानीगंज. मंगलवार से आरंभ हुए पश्चिम बंग हायर सेकेंडरी परीक्षा के तहत परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु रानीगंज के बकतारनगर स्थित वक्तारनगर हाई स्कूल परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों के लिए स्थानीय समाजसेवी निर्मल पाल की ओर से परीक्षार्थियों को रानीगंज से आवाजाही के लिए एक ओर जहां बस की व्यवस्था की गई, वहीं दूसरी और अभिभावकों तथा परीक्षार्थियों को पानी की बोतल प्रदान की गई.
इसके अलावा परीक्षा के दौरान अभिभावकों के बैठने के लिए टेंट व्यवस्था के साथ चाय पानी की व्यवस्था की गई. ज्ञात हो की रानीगंज में इस बार कुल 2058 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं जिसमें छात्राओं की संख्या 1086, छात्रों की संख्या 962 है. परीक्षा केंद्र के मुख्य परीक्षा केंद्र सेआरसोल राज हाई स्कूल है
. इसके अलावा सेआरसोल गर्ल्स स्कूल, श्री दुर्गा विद्यालय ,बसंती देवीगोयनका विद्या मंदिर, मारवाड़ी सनातन विद्यालय, जमुनामई बालिका विद्यालय तथा बकतार नगर हाई स्कूल हैं. दूसरी ओर जामुड़िया का मुख्य परीक्षा केंद्र राजपुर नंदी हाई स्कूल तथा बहादुरपुर हाई स्कूल हैं. इसके अलावा बीजपुर नेताजी हाईस्कूल, श्रीपुर हाई स्कूल,बोगरा विवेकानंद मिशन हाई स्कूल, बोरिंग डंगा हाई स्कूल तथा जामुड़िया बालिका विद्यालय है.
जमुडीया में कुल 1955 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, इसमें छात्राओं की संख्या 1021 और छात्रों की संख्या 934 है. परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार का परीक्षा केंद्र में असुविधा ना हो इस बात को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस की विशेष व्यवस्था की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >