कोलकाता : राजारहाट के गाजीपुर मोड़ इलाके में बुधवार सुबह मोटरसाइकिल रोक कर बदमाशों ने सात साल बेटी और उसके पिता की बुरी तरह पिटाई कर दी. बेटी और पिता दोनों को अस्पताल में भरती किया गया है.
बताया जाता है कि स्कूल से छुट्टी होने के बाद गोपी नाथ दास अपनी सात साल की बच्ची को मोटरसाइकिल पर बैठा कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गाजीपुर मोड़ पर कुछ बदमाशों ने उसे रोक दिया. उन्होंने उसकी मोटरसाइकिल से चॉबी निकल ली. बेटी को मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया. इसके बाद बगैर कुछ बोले पिता पर थप्पड़ और घूसे बरसाना आरंभ कर दिया.
बेटी और पिता को गंभीर चोट आयी. पीड़ित ने बताया कि मारपीट करनेवाले बदमाशों में कुछ उसके परिचित भी थे. उसने बताया कि मारपीट में उसके साथी शहीदुल अली, रविउल और उनके साथी शामिल थे. पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ न्यूटाउन थाना में शिकायत दर्ज करायी है. प्राथमिक जांच में पुरानी रंजिश की वजह से घटना होने की बात सामने आयी है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
