कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल एम. के. नारायणन ने विधानसभा के बजट सत्र के आरंभ में अपने अभिभाषण के दौरान राज्य की उपलब्धियों की प्रशंसा की जबकि विपक्षी दलों ने इसे सत्तारुढ़ पार्टी द्वारा लिखित ‘‘राजनीतिक भाषण’’ बताया.
नारायणन ने महिलाओं के खिलाफ अपराध कम करने और स्वतंत्र तथा निष्पक्ष पंचायत चुनाव कराने में राज्य सरकार के सर्वांगीण प्रयासों की प्रशंसा की.उन्होंने अपने भाषण में कहा कि राज्य में सामान्य कानून-व्यवस्था नियंत्रण में रही, कोई बड़ी साम्प्रदायिक घटना नहीं हुयी और सामान्य अपराधों में भी ज्यादा वृद्धि नहीं हुयी है. महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की सामाजिक बुराई से निपटा जा रहा है और राज्य प्रशासन ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.
विपक्ष के दोनों दलों वाम और कांग्रेस ने राज्यपाल के भाषण में गड़बड़ी होने की बात कहते हुए कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस का राजनीतिक दस्तावेज है, जिसे राज्यपाल ने महज पढ़ा भर है.
