कोलकाता: बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में दुर्गापूजा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. जगह-जगह सादी पोशाक में पुलिसकर्मी नजरदारी करेंगे. बड़े पूजा मंडपों के पास महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी. कमिश्नरेट के 12 थाना अंतर्गत बड़े पूजा मंडपों के पास पुलिस सहायता केंद्र भी खोले जायेंगे. वहां छोटे बच्चों को परिचयपत्र, वाहनों को नो इंट्री में प्रवेश पास जारी करने और किसी दर्शक के अचानक बीमार होने पर उन्हें दवा मुहैया करायी जायेगी.
ये बातें बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर विशाल गर्ग ने बैरकपुर पुलिस लाइन में पूजा गाइड मैप 2013 के लोकार्पण के दौरान कहीं. उन्होंने बताया कि बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के 12 थाना अंतर्गत छोटे-बड़े कुल मिला कर 1500 से ज्यादा दुर्गापूजा हो रही है. पूजा के दौरान सुरक्षा का व्यापक प्रबंध रहेगा. रास्तों पर मोबाइल वैन की गश्त रहेगी. बड़े पूजा मंडपों के आस-पास सादी पोशाक में पुलिसकर्मियों को डय़ूटी पर लगाया जायेगा.
पहली बार पूजा के दौरान आपदा प्रबंधन की सेवा ली जायेगी. तीन एंबुलेंस हर समय तैयार रहेंगे. इनमें एक एंबुलेंस डनलप, दूसरा बैरकपुर चिड़ियामोड़ और तीसरा नैहाटी में रहेगा. इस मौके पर बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी ट्रैफिक देवाशीष बेज ने बताया कि पूजा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारूरखने के लिए विभिन्न बड़े पूजा मंडपों की ओर जानेवाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जायेगी.
उन्होंने बताया कि बीजपुर में बड़ी दुर्गापूजा होती है, जिसकी वजह से घोषपाड़ा रोड से बाग मोड़ की ओर व हरिणघाटा की ओर से आनेवाले कांपा मोड़ के रास्ते पर नो इंट्री रहेगी. ज्यादातर गाड़ियों को घूमा कर कल्याणी एक्सप्रेस वे से चलाया जायेगा. इधर, विधानगर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी (हेडक्वार्टर) सुब्रत बंद्योपाध्याय ने पूजा गाइ मैप का लोकार्पण किया.
