पार्क सर्कस के पास एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल के बाहर से दबोचा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी के पास से 260 ग्राम हेरोइन जब्त
कोलकाता : कोलकाता पुलिस के नारकोटिक्स सेल के सदस्यों ने महानगर के पार्क सर्कस से पास एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल के बाहर से 260 ग्राम हेरोइन के साथ ड्रग्स सप्लायर को गिरफ्तार किया. पकड़े गये आरोपी का नाम मोहम्मद इस्माइल (30) है. वह इंटाली इलाके के इस्माइल स्ट्रीट का रहनेवाला है.
शिकायत मिलने के बाद रखी जाने लगी नजरदारी :
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पार्क सर्कस के आसपास के कुछ स्कूल व कॉलेजों में कुछ ड्रग्स सप्लायर छात्रों को ड्रग्स बेच रहे हैं. इस जानकारी के बाद नारकोटिक्स सेल की टीम लगातार कुछ स्कूलों के बाहर निगरानी रख रही थी. मंगलवार शाम को पार्क सर्कस के निकट बेनियापुकुर इलाके में एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल के बाहर एक युवक को काफी देर से घूमता हुआ देख कर संदेह हुआ.
पुलिसकर्मियों ने सख्ती से उससे पूछताछ कर जांच की तो उसके पास भूरा रंग का पावडर मिला. जांच में वह पावडर हेरोइन निकला. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
प्राथमिक पूछताछ में उसने बताया कि वह पार्क सर्कस के आसपास स्कूल व कॉलेज के छात्रों को हेरोइन, गांजा व ब्राउन सुगर की सप्लाई करता था. किस स्कूल के किस छात्र को कितना ड्रग्स चाहिये, यह उसके मोबाइल में पहले से मैसेज आ जाता था. इसके बाद वह छात्रों को डिमांड के मुताबिक ड्रग्स सप्लाई करने पहुंच जाता था. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
