16-17 बदमाशों ने यात्रियों से की मारपीट
आरोप : निकटवर्ती इलाके में गश्त लगा रही पुलिस आधे घंटे देर से पहुंची
बालुरघाट : सीएए/एनआरसी के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच बालुरघाट-कोलकाता रूट पर चलने वाली बस में डकैती ने यात्रियों का संकट और बढ़ा दिया है. सोमवार की रात को यह घटना मुर्शिदाबाद जिले के नवग्राम और बहरमपुर के बीरच खड़ग्राम के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई है.
जानकारी अनुसार करीब 16-17 बदमाशों के गिरोह ने बस को रोककर यात्रियों से रुपये समेत सोने के गहने और मोबाइल फोन लूट कर चंपत हो गये. उल्लेखनीय है कि बालुरघाट से कोलकाता जाने वाली रॉकेट सर्विस की एनबीएसटीसी बस 43 यात्रियों को लेकर चली थी. यात्रियों में अधिकतर बालुरघाट के निवासी थे.
बदमाशों ने महिलाओं से नाक और कान के झुमके आदि लेकर चंपत हो गये. इस घटना के आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची. हालांकि अधिकारियों ने यात्रियों के बयान भी नहीं लिये. यात्रियों का आरोप है कि घटनास्थल से मामूली दूरी पर पुलिस की पेट्रोल वैन गश्त लगा रही थी. मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे के करीब बस कोलकाता के धर्मतला बस स्टैंड यात्रियों को लेकर पहुंची.
बस यात्री और बालुरघाट निवासी अरिंदम सरकार ने बताया कि सरकारी बस है यह सोचकर भरोसे के साथ सवार हुए थे. लेकिन यहां भी भरोसा कायम नहीं रख सका. बदमाश सबकुछ लूटकर ले गये. यात्रियों ने लंबी दूरी वाली सरकारी बसों में सशस्त्र पुलिस तैनात करने की मांग की है. उल्लेखनीय है कि सीएए/एनआरसी को लेकर चल रहे आंदोलन के चलते विभिन्न जिलों में अराजक स्थिति पैदा हो गयी है.
ट्रेन सेवा रद कर दी गयी हैं. ऐसे में लोगों का भरोसा केवल कुछ सरकारी और गैरसरकारी बसों पर ही है. इसी का लाभ उठाते हुए बीती रात एक बजे के करीब डकैती की यह घटना हुई है. डकैती में बाधा देने पर कई यात्रियों की बदमाशों ने पिटायी भी की.
