जलपाईगुड़ी : प्रसूता की पिटाई का आरोप जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड हब की एक नर्स पर लगा. यहां तक की प्रसूता महिला की दीदी की भी पिटाई की गयी है. रविवार को घटना को लेकर प्रसूता की दीदी सम्पा सरकार ने आरोपी नर्स के खिलाफ कोतवाली थानें में लिखित शिकायत दर्ज करवायी है.
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. घटना को लेकर जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी जगन्नाथ सरकार ने कहा कि इस तरह की घटना निंदनीय है. शिकायत मिलने पर अवश्य ही छानबीन करेंगे.
जानकारी मिली है कि मारपीट की घटना के बाद मदर एंड चाइल्ड हब के 33 नंबर बेड की मरीज रिंपा विश्वास को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है. सूत्रों से पता चला है कि जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के तालमा इलाके के कायेतपाड़ा इलाका निवासी प्रसूता रिंपा विश्वास 22 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
उसी रात उसने के बेटे को जन्म दिया. रविवार शाम कोतवाली थाने में रिंपा विश्वास की दीदी संपा सरकार ने शिकायत दर्ज करवायी. उसने बताया कि बहन को सामान्य प्रसव हुआ था. लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही के कारण समस्या हो गयी. इसका इलाज किया जा रहा है. उसने बताया कि बीमार बहन अपने नवजात को स्तनपान करा रही थी. उसकी दीदी उसकी मदद के लिए बेड के पास बैठी थी.
उसी समय अचानक एक नर्स आकर पहले उसे मारा फिर उसकी बीमार बहन को बालों से पकड़कर मारा. लेकिन अचानक नर्स ने ऐसा क्यों किया इसका उसे पता नहीं है. उसने बताया कि अस्पताल के अन्य मरीजों के सामने उसकी पिटाई से वह अपमानित हुई है. घटना में नर्स की उचित सजा की मांग पर उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवायी है.
