West Bengal Breaking News Live : तृणमूल पार्षद अनन्या बनर्जी की विवादित टिप्पणी पर मुख्यमंत्री 'नाराज'

West Bengal Breaking News Live Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले...

Live Updates
6:57 PM. 22 Feb 24 6:57 PM. 22 Feb

महुआ मोइत्रा की याचिका पर शुक्रवार को आदेश देगा दिल्ली हाईकोर्ट

दिल्ली हाइकोर्ट ने गुरुवार को कहा कि वह विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) के खिलाफ एक जांच के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा ‘गोपनीय’ सूचना मीडिया को कथित तौर पर लीक करने के विरुद्ध तृणमूल कांग्रेस नेता की याचिका पर 23 फरवरी को आदेश पारित करेगा. पूर्व सांसद की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता रेबेका जॉन ने दावा किया कि उनकी मुवक्किल को ‘परेशान’ किया जा रहा है और एजेंसी द्वारा उन्हें समन जारी करने की सूचना, उन्हें समन मिलने से पहले ही मीडिया ने प्रकाशित कर दी. न्यायमूर्ति सुब्रह्मण्यम प्रसाद ने मौखिक रूप से कहा कि अभी तक ऐसा कुछ नहीं है, क्योंकि संबंधित समाचार रिपोर्ट में तथ्यात्मक दावे किये गये हैं.

6:27 PM. 22 Feb 24 6:27 PM. 22 Feb

सुकांत मजूमदार ने कहा, शेख शाहजहां की जब तक नहीं होगी गिरफ्तारी धरना रहेगा जारी

पश्चिम बंंगाल में संदेशखाली का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक बार फिर भाजपा नेता सुकांत मजूमदार (Sukant Majumdar) संदेशखाली थाने के सामने धरना पर बैठ गये है. गुरुवार की दोपहर वे भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष और संदेशखलीकांड के आरोपी विकास सिंह के परिवार से मिलने पहुंचे थे. वह वहां से निकल कर थाने चले गये. कथित तौर पर उन्हें पुलिस स्टेशन में प्रवेश करने से रोका गया. इसके बाद सुकांत सड़क पर बैठ गये. आरोप है कि पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें थाने में प्रवेश करने से रोक लिया. इसके बाद सुकांत सड़क पर बैठ गये. सुकांत का कहना है कि जब तक शाहजहां शेख की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक वह यहीं रहेंगे. जरूरत पड़ी तो रात भर भी धरना जारी रहेगा.

6:02 PM. 22 Feb 24 6:02 PM. 22 Feb

मार्केट में 100 रुपये का नकली नोट फैलाने की साजिश

पश्चिम बंगाल में मार्केट से 2000 रुपये के नोट के चलन बंद होने के बाद से अब नकली नोट सप्लाई के अवैध धंधे से जुड़े कारोबारियों ने मार्केट में 500 रुपये के साथ 100 रुपये के नकली नोट (fake notes) सप्लाई की करने की कोशिश शुरू कर दी है. इसी कड़ी में उनकी इस योजना पर पानी फेरते हुए कोलकाता पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने बुधवार रात को महानगर के मिलेनियम पार्क के पास नकली नोट की सप्लाई करने के लिए एकत्रित हुए चार सप्लायरों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपियों के नाम इनामुल मंडल (60), कमल मंडल (27), अमजद अली खान (52) और मोहम्मद कुरैशी (55) बताया गया है. इनमें इनामुल मुर्शिदाबाद का, कमल मंडल नदिया का निवासी, अमजद अली और मोहम्मद कुरैशी आंध्र प्रदेश के रहनेवाले बताये गये हैं.

5:00 PM. 22 Feb 24 5:00 PM. 22 Feb

तृणमूल पार्षद अनन्या बनर्जी की विवादित टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ‘नाराज’

कोलकाता नगर निगम के सत्र के दौरान तृणमूल पार्षद अनन्या बनर्जी की विवादित टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ‘नाराज’ है. मेयर फिरहाद हकीम को सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है. पार्षद को पूरे सत्र के लिए सेंसर किया जा सकता है.

4:43 PM. 22 Feb 24 4:43 PM. 22 Feb

एनसीएसटी आयोग ने संदेशखाली का किया दौरा

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की टीम गुरुवार की सुबह पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना स्थित संदेशखाली पहुंची. टीम को इस दौरान स्थानीय लोगों से जबरन जमीन पर कब्जा करने और उत्पीड़न की कुल 23 शिकायतें मिली हैं. एनसीएसटी के कार्यकारी अध्यक्ष अनंत नायक ने बताया कि उन्हें एक नेता के खिलाफ शिकायत मिली है, जिसे राष्ट्रपति को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा. संदेशखाली के निवासियों ने एक नेता का नाम लिया है. हम उसे अपनी रिपोर्ट में शामिल करेंगे.हमें अबतक 23 से अधिक शिकायतें मिली हैं. उन्होंने कहा, हम प्राप्त तथ्यों की जानकारी इकट्ठा करेंगे और उसके बाद राष्ट्रपति को रिपोर्ट सौंपेंगे.

4:09 PM. 22 Feb 24 4:09 PM. 22 Feb

कोलकाता समेत जिलों में गरज के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी

पश्चिम बंगाल के अलीपुर मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश (Rain) की भविष्यवाणी की है. बारिश के साथ-साथ कुछ जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में ओलावृष्टि हो सकती है. गुरुवार को कोलकाता में गरज के साथ बारिश हो सकती है. तूफानी हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवात सक्रिय है. परिणामस्वरूप बंगाल की खाड़ी से जलवाष्प प्रवेश कर रही है और मौसम विभाग का मानना ​​है कि यह बारिश काफी तेज हवाओं के साथ आ सकती है.

3:31 PM. 22 Feb 24 3:31 PM. 22 Feb

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने संदेशखाली में गिरफ्तार पत्रकार को दी जमानत

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा संदेशखाली से गिरफ्तार किये गये एक टीवी पत्रकार को बृहस्पतिवार को जमानत दे दी . अदालत ने संदेशखाली पुलिस थाने में शांतु पान के खिलाफ दर्ज मामले में आगे की कार्यवाही पर भी रोक लगाने का आदेश दिया है.

2:07 PM. 22 Feb 24 2:07 PM. 22 Feb

बर्दवान में दो सगे भाइयों का शव मिलने से इलाके में हड़कंप

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के पूर्वस्थली थाना इलाके के हकदार पाड़ा के रहने वाले दो सगे भाइयों का पेड़ से झूलता शव मिलने से परिवार समेत इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मृतक भाईयों का नाम प्रभाष घोष (30) तथा विभाष घोष (32) बताया है. दोनों के ही शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम हेतु
कालना महकमा अस्पताल भेज दिया गया है. एक ही दिन दो सगे भाइयों का फांसी से झूलता शव मिलने को लेकर इलाके में तरह-तरह का चर्चा है. यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का इसे लेकर फिलहाल रहस्य बना हुआ है. पुलिस का कहना है की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है.

1:50 PM. 22 Feb 24 1:50 PM. 22 Feb

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का प्रतिनिधिमंडल संदेशखाली पहुंचा

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संकटग्रस्त संदेशखाली का दौरा करने पहुंचे है.एनसीएसटी का यह दौरा राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्यों के दौरे के कुछ दिनों बाद हो रहा है़.

12:25 PM. 22 Feb 24 12:25 PM. 22 Feb

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बंगाल दौरा रद्द

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बंगाल दौरा रद्द. 29 फरवरी को मायापुर इस्कॉन मंदिर जाने का था कार्यक्रम.

11:51 AM. 22 Feb 24 11:51 AM. 22 Feb

संदेशखाली में सब की शिकायत सुनेगी पुलिस, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई : पुलिस महानिदेशक

पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिस संदेशखालि में हर व्यक्ति की शिकायत सुनेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. राजीव कुमार बुधवार को संदेशखाली गए थे और पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अशांत क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करने के लिए रात भर वहीं रुके थे, उन्होंने वहां महिलाओं पर अत्याचार करने के दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shinki Singh

10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >