UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. सफदरगंज थाना क्षेत्र में हाईवे से बरियारपुर गांव जाने वाली सड़क पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई. कार में सवार बरियारपुर निवासी 43 वर्षीय राज नारायण वर्मा आग में जिंदा जल गए. वह स्टॉम्प विक्रेता थे और रविवार सुबह अपनी मां से मिलने के लिए गांव जा रहे थे.
मां से मिलने के लिए निकले थे
सफदरगंज थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि राज नारायण वर्मा का शहर के विजयनगर मोहल्ले में भी मकान है. रविवार सुबह वह अपनी कार से बरियारपुर स्थित गांव जाने के लिए निकले थे. वह अपनी मां से मिलने जा रहे थे. हाईवे से गांव की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचने के बाद अचानक उनकी कार में आग लग गई.
कुछ ही देर में पूरी कार में फैल गई आग
कार में आग लगते ही स्थिति गंभीर हो गई. आग इतनी तेजी से फैली कि राज नारायण को कार से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई. वह कार के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए. हादसे की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी.
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग बुझाई. आग बुझने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया. घटना के बाद इलाके में भी लोगों की भीड़ जुट गई.
फोरेंसिक टीम ने कार की जांच की
हादसे की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जली हुई कार की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए. फिलहाल कार में आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.
परिजनों के पहुंचते ही मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही राज नारायण के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. जली हुई कार और शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
