बाराबंकी में पत्नी की हत्या कर घर पर जड़ा ताला, फिर ससुर को फोन कर बोला - तुम्हारी बेटी को मार दिया
मृतका सीमा वर्मा का फाइल फोटो
बाराबंकी में पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद घर में ताला लगाकर भाग गया. वारदात की जानकारी खुद ससुर को फोन पर दी. सूचना मिलने के करीब 7 घंटे बाद जब ससुर मौके पर पहुंचे तो गांव वालों को पता चला.
UP Crime News (पवन तोमर) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नगर कोतवाली इलाके के मोहल्ला रसूलपुर में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर में ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गया. इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद अपने ससुर को फोन कर पत्नी की हत्या की जानकारी भी दी. सूचना मिलने के करीब 7 घंटे बाद जब ससुर मौके पर पहुंचे और पुलिस ने बंद घर का ताला तोड़ा, तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला. इस घटना के बाद 8 साल की बेटी के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है .
विवाद के बाद की हत्या, फोन पर ससुर को दी जानकारी
पुलिस के अनुसार मोहल्ला रसूलपुर निवासी संदीप वर्मा अपनी पत्नी सीमा वर्मा और 8 साल की बेटी के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. गुस्से में आकर पति संदीप ने पत्नी सीमा की हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने घर को बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया और वहां से भाग निकला. फरार होने के बाद आरोपी ने खुद ही फोन कर अपने ससुर धर्मेंद्र को बताया कि उसने उसकी बेटी को मार दिया है .
7 घंटे बाद पिता पहुंचे तो खुला राज, पुलिस ने तोड़ा ताला
ससुर धर्मेंद्र को फोन पर बेटी की हत्या की खबर मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. सूचना मिलने के करीब सात घंटे बाद वह बाराबंकी स्थित दामाद के घर पहुंचे. घर पर ताला लगा देख उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद घर का ताला तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में सीमा वर्मा का शव पड़ा हुआ था. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया .
ASP और CO सिटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी उत्तरी विवेक तिवारी और सीओ सिटी आफताब आलम भी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं. एएसपी विवेक तिवारी ने बताया कि पुलिस को धर्मेंद्र नाम के व्यक्ति ने फोन कर अपनी बेटी की हत्या की सूचना दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है. फिलहाल आरोपी पति संदीप फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए