UP Board Exam 2027: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए पंजीकरण कार्यक्रम में बदलाव किया है. संशोधित कार्यक्रम के तहत स्कूलों और परीक्षार्थियों को परीक्षा शुल्क जमा करने और जरूरी शैक्षणिक विवरण ऑनलाइन दर्ज करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है. साथ ही, पहले से दर्ज पंजीकरण विवरण में गलती होने पर उसे सुधारने का भी अवसर मिलेगा. ऐसे में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए बदली हुई तारीखों को जानना जरूरी है.
1 सितंबर तक जमा होगी छात्रों की परीक्षा फीस
नए कार्यक्रम के अनुसार स्कूलों के प्रधानाचार्य पात्र छात्रों से 1 सितंबर 2026 तक परीक्षा शुल्क ले सकते हैं. इसके बाद जमा की गई परीक्षा फीस को 5 सितंबर 2026 की आधी रात तक राजकीय कोषागार में जमा करना होगा. यह संशोधित कार्यक्रम संस्थागत और व्यक्तिगत, दोनों श्रेणी के परीक्षार्थियों पर लागू होगा.
6 से 11 सितंबर तक ऑनलाइन दर्ज होगी जानकारी
यूपी बोर्ड के संशोधित शेड्यूल के मुताबिक 6 से 11 सितंबर 2026 के बीच स्कूलों को छात्रों की परीक्षा फीस और शैक्षणिक जानकारी ऑनलाइन दर्ज करनी होगी. स्कूलों की जिम्मेदारी होगी कि प्रत्येक परीक्षार्थी का विवरण सावधानी से भरा जाए. इसके बाद फोटो वाले अभ्यर्थी विवरण और संबंधित दस्तावेज 30 सितंबर 2026 तक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में जमा करने होंगे.
नाम से लेकर जन्मतिथि तक कर सकेंगे सुधार
पंजीकरण के बाद स्कूलों को छात्रों की चेकलिस्ट प्राप्त होगी. इसमें दर्ज जानकारी की जांच करना जरूरी होगा. छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, चुने गए विषय, फोटो और अन्य विवरण में किसी तरह की गलती मिलने पर उसे तय अवधि में ठीक कराया जा सकता है. पंजीकरण विवरण में सुधार के लिए 6 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है.
नए छात्र का पंजीकरण नहीं, सिर्फ पहले से दर्ज जानकारी में संशोधन
बोर्ड की ओर से दी गई सुधार सुविधा का इस्तेमाल केवल पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों के विवरण में संशोधन के लिए किया जा सकेगा. इस अवधि में किसी नए छात्र का पंजीकरण नहीं किया जा सकेगा. इसलिए छात्रों को अपने स्कूल से संपर्क कर यह जरूर जांच लेना चाहिए कि उनकी परीक्षा फीस जमा हो चुकी है और ऑनलाइन दर्ज नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय व फोटो समेत सभी विवरण सही हैं. गलती मिलने पर निर्धारित समय के भीतर उसे सुधार लेना जरूरी होगा.
UP Board Exam 2027: तारीखें एक नजर में
- छात्रों से परीक्षा शुल्क लेने की अंतिम तारीख: 1 सितंबर 2026
- राजकीय कोषागार में शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 5 सितंबर 2026 की आधी रात
- परीक्षा शुल्क और शैक्षणिक जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अवधि: 6 से 11 सितंबर 2026
- पंजीकरण विवरण में सुधार की अवधि: 6 से 11 सितंबर 2026
- फोटो वाले अभ्यर्थी विवरण और संबंधित दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख: 30 सितंबर 2026
