UP News: शाहजहांपुर में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. जैतीपुर थाना क्षेत्र के नवादा मोड़ के पास आलू से लदे ट्रक ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक पैदल चल रहे कांवड़ियों को भी चपेट में लेते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गया. हादसे में छह कांवड़िये घायल हुए, जिनमें से बरेली में इलाज के दौरान अमन (20) और गुड्डू (30) की मौत हो गई. वहीं चार घायल कांवड़ियों का इलाज जारी है.
बदायूं से जल लेकर लौट रहा था 14 कांवड़ियों का जत्था
बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव के 14 कांवड़ियों का जत्था बदायूं के बेलाडांडी से जल लेकर अपने गांव लौट रहा था. कुछ कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे थे, जबकि कुछ कांवड़ लेकर पैदल आगे चल रहे थे. इसी दौरान नवादा मोड़ के पास पीछे से आए आलू से भरे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद ट्रक पैदल जा रहे कांवड़ियों को भी अपनी चपेट में लेते हुए खाई में जा गिरा.
चार कांवड़िये बरेली रेफर, इलाज के दौरान दो की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. छह घायल कांवड़ियों में से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया, जबकि दो का इलाज शाहजहांपुर में चल रहा है. बरेली में इलाज के दौरान 20 वर्षीय अमन और 30 वर्षीय गुड्डू ने दम तोड़ दिया. घायलों में अंकित, मोहित, शिवम मिश्रा और जितिन शामिल हैं. अंकित, मोहित और शिवम मिश्रा तीनों भाई हैं. हादसे में ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं और उसका इलाज कराया जा रहा है.
दो परिवारों में मचा कोहराम, पुलिस कर रही जांच
मृतक गुड्डू की शादी करीब आठ साल पहले आरती से हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी. वह दो भाइयों में बड़े थे और उनकी तीन बहनें हैं. वहीं अमन दो भाइयों में छोटे थे और उनकी पांच बहनें हैं. वह अविवाहित थे. दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जैतीपुर थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बरेली के अस्पताल भेजा गया. इलाज के दौरान दो कांवड़ियों की मौत हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
