Moradabad Lift Incident: मुरादाबाद की ग्रीन ऑर्किड सोसाइटी में स्कूल से लौटते समय आठ साल की बच्ची अचानक लिफ्ट में फंस गई. चौथी कक्षा की छात्रा कीर्ति शुक्ला अपने छोटे भाई के साथ स्कूल से घर लौटी थी. उसे तीसरी मंजिल स्थित अपने फ्लैट पर जाना था. उसका भाई सीढ़ियों से ऊपर चला गया, जबकि कीर्ति लिफ्ट में सवार हो गई. इसी दौरान अचानक लिफ्ट रुक गई और दरवाजा नहीं खुला. बच्ची करीब 15 मिनट तक अंदर फंसी रही. इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है.
चिल्लाने पर भाई को हुई जानकारी, गार्ड ने भी की कोशिश
लिफ्ट रुकने के बाद कीर्ति घबरा गई और मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी. उसकी आवाज सीढ़ियों से जा रहे भाई ने सुन ली. उसने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिवार के लोग सिक्योरिटी गार्ड के पास पहुंचे और बच्ची को बाहर निकालने के लिए लिफ्ट खोलने को कहा. गार्ड ने चाबी की मदद से दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन लिफ्ट नहीं खुल सकी.
15 मिनट तक फंसी रही मासूम, खुद खींचकर खोला गेट
कीर्ति के मुताबिक, गार्ड ने उसे अंदर से दोनों हाथ लिफ्ट के गेट में लगाकर उसे खोलने की कोशिश करने को कहा. बच्ची काफी देर तक दरवाजा खोलने का प्रयास करती रही. करीब 15 मिनट बाद उसने हिम्मत जुटाकर अपने हाथों से गेट खींचकर खोल लिया और बाहर निकल सकी. इस दौरान बच्ची काफी डरी हुई थी और लगातार दरवाजा खोलने की कोशिश कर रही थी.
15 दिन पहले भी लिफ्ट में फंस चुकी थी महिला
ग्रीन ऑर्किड सोसाइटी में लिफ्ट से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है. करीब 15 दिन पहले भी एक महिला अपने बच्चे के साथ लिफ्ट में फंस गई थी. सोसाइटी के लोगों ने बिल्डर पर लिफ्ट की समय पर मेंटेनेंस नहीं कराने का आरोप लगाया है. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद सोसाइटी में लिफ्ट की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
Must Read- झांसी में सड़क नहीं, चारपाई बनी सहारा, कीचड़ में मरीज को ले जाने का Video Viral
