लखनऊ : पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल आ चुके हैं. एग्जिट पोल में जहां भाजपा को बढत है वहीं सबसे बड़े राज्य में सपा-कांग्रेस गंठबंधन पिछड़ता नजर आ रहा है. एग्जिट पोल आने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-भाजपा गंठबंधन की जीत होगी. ऐसे एग्जिट पोल हम बिहार में देख चुके हैं. हम जीत और हार के बारे में कल बात करेंगे.
एग्जिट पोल के बाद सभी राजनीतिक दलों के बयान सामने आए हैं. उत्तर प्रदेश में भाजपा को बढ़त के अनुमान के बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीबीसी से बातचीत में संकेत दिए कि अगर परिणामों के बाद जरूरत पड़ी तो वे बसपा के साथ जा सकते हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि 11 मार्च का चुनावी नतीजा उनके पक्ष में ही आने वाला है.
एग्जिट पोल के बाद शुक्रवार को सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सूबे में सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने कहा कि उनके पास सूचना है कि न्यूज चैनलों ने भाजपा के दबाव में आकर असली एग्जिट पोल को बदल दिया है. सपा नेता रामगोपाल यादव ने सपा को 236 मिलने का दावा किया है. उन्होंने यह भी कहा कि सपा के जीत के बाद सैफई में होली मनेगी.
वहीं केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने एग्जिट पोल के बाद कहा कि जिस तरह की बातें चल रहीं हैं, उससे साफ है कि जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास है. एक लहर है देश के अंदर, यह एग्जिट पोल से साफ नजर आ रहा है. भाजपा नेता जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व का यह परिणाम है, जो कि एग्जिट पोल में नजर आ रहा है. हम लोगों को पहले से ही इस बात का अंदाजा था, विश्वास था कि राज्यों के नतीजे भाजपा के पक्ष में ही आयेंगे. अब कांग्रेस को आत्मचिंतन करने का वक्त आ गया है, जिस ढंग से उनकी हालत हो रही है.
इधर, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी एग्जिट पोल पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि एग्जिट पोल से साफ है कि मोदी जी में लोगों को अभी भी भरोसा है, मोदी जी का नेतृत्व लोगों को प्रभावित किए हुए हैं. जनता को मोदी सरकार और पार्टी की नीतियों में विश्वास है.
