भाजपा ने चुनाव आयोग से की अखिलेश यादव की शिकायत
लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की वोटरों और पत्रकारों से की गयी अलग अलग अपीलों को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुए आज चुनाव आयोग से शिकायत की. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज मिश्र ने बताया कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चुनाव प्रबंधन प्रभारी जेपीएस […]
लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की वोटरों और पत्रकारों से की गयी अलग अलग अपीलों को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुए आज चुनाव आयोग से शिकायत की.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज मिश्र ने बताया कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चुनाव प्रबंधन प्रभारी जेपीएस राठौर ने आयोग को भेजे पत्र में मुख्यमंत्री द्वारा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की है.
पत्र में कहा गया कि भदोही जिले की जनसभा में मुख्यमंत्री ने वोटरों से कहा, ‘‘कोई व्यक्ति वोट के लिए पैसा देता है तो ले लेना मगर वोट सपा को ही देना.” इसके अलावा लखनउ की प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों से कहा, ‘‘पत्रकार मित्रों, चुनाव में आप हमारा सहयोग कीजिए. बाद में हम आपको पुरस्कृत करेंगे.”
मिश्र ने कहा कि दोनों ही वाक्य चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है. पहले वाक्य में मतदाता को वोट के बदले नोट के लिए प्रेरित किया गया तथा दूसरे वाक्य में पत्रकारों को प्रलोभन दिया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी संभावित हार को देखकर लेनदेन पर उतर आये हैं. यह उनकी हताशा और हार का प्रतीक है.