सपा को चुनौती देने के लिए पांच से भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’

नयी दिल्ली/ लखनऊ : उत्तरप्रदेश में अगले वर्ष आसन्न विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए भाजपा पांच नवंबर से चार स्थानों से ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालेगी इसका उद्देश्य ‘मिशन 265 प्लस’ का लक्ष्य हासिल करना है. पार्टी इसमें अपराध, भ्रष्टाचार, कुशासन एवं लोगों की बुनियादी जरुरतों के मुद्दे को उठायेगी और विकास का अपना […]

नयी दिल्ली/ लखनऊ : उत्तरप्रदेश में अगले वर्ष आसन्न विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए भाजपा पांच नवंबर से चार स्थानों से ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालेगी इसका उद्देश्य ‘मिशन 265 प्लस’ का लक्ष्य हासिल करना है. पार्टी इसमें अपराध, भ्रष्टाचार, कुशासन एवं लोगों की बुनियादी जरुरतों के मुद्दे को उठायेगी और विकास का अपना एजेंडा लोगों के समक्ष पेश करेगी. बिहार विधानसभा चुनाव के विपरीत भाजपा उत्तरप्रदेश में पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगे नहीं करेगी बल्कि प्रदेश के कई नेताओं को अभियान में आगे करेगी.

पार्टी का मानना है कि चुनाव में सामूहिक नेतृत्व को महत्व दिया जायेगा. इस बारे में पूछे जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि पार्टी उत्तरप्रदेश में चार स्थानों से परिवर्तन यात्रा शुरु करेगी जिसमें पूर्ववर्ती बसपा और वर्तमान सपा सरकार के भ्रष्टाचार, अपराध और प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं की कमी की समस्याओं को रेखांकित किया जायेगा.”

भाजपा की परिवर्तन यात्रा पांच नवंबर को सहारनपुर, छह नवंबर को झांसी, सात नवंबर को सोनभद्र और आठ नवंबर को बलिया से शुरू होगी. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे. भाजपा ने इस यात्रा के लिए बसों के रुप में परिवर्तन रथ भी तैयार किया जिस पर ‘न गुंडाराज, न भ्रष्टाचार, अबकी बार भाजपा सरकार’ तथा ‘पूर्ण बहुमत सम्पूर्ण विकास, अबकी बार भाजपा सरकार’ जैसे नारों का उल्लेख है.

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 15 साल तक कुशासन, अपराध, भ्रष्टाचार और लूट देखी है. 2012 में बहन मायावती की अराजकता एवं भ्रष्टाचार से तंग आकर यूपी की जनता ने अखिलेश सरकार को चुना था लेकिन सपा सरकार ने सूबे के लोगों को निराश ही किया है. शर्मा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार बस कुछ ही दिनों की मेहमान है. प्रदेश की जनता 2012 में अखिलेश की बुआ को खारिज कर चुकी है और अब भतीजे अखिलेश को भी राज्य की जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है. बस औपचारिकताएं रह गई हैं, वह भी ईवीएम पर बटन दबाते ही पूरी हो जायेगी.

भाजपा नेता ने कहा कि उत्तरप्रदेश की जनता सपा-बसपा और कांग्रेस की जुगलबंदी से मुक्ति चाहती है, राज्य में सुशासन चाहती है, विकास चाहती है, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं ठीक करना चाहती है और यह सब केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही कर सकती है. अखिलेश सरकार की उत्तरप्रदेश से विदाई तय है, यूपी की जनता अब यह मन बना चुकी है.उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है.
शर्मा ने कहा कि 15 साल से सपा, बसपा और कांग्रेस ने यूपी को बंधक बना रखा है,इनकी आपस में जुगलबंदी रही है, आज तक कोई सजा किसी को भी नहीं दी गई, सपा के अपराध पर बुआ पर्दा डालती आई हैं, बुआ के अपराध पर भतीजा पर्दा डालता है और इन दोनों के अपराध पर कांग्रेस केंद्र की सत्ता में रहते हुए पर्दा डालती आई है. सपा, बसपा और कांग्रेस ने केवल और केवल वोट बैंक और नोट बैंक की राजनीति की है. इस पर लगाम लगायी जायेगी. उन्होंने कहा कि बुलंदशहर गैंगरेप की शर्मनाक घटना पर जिस तरह से अखिलेश ने आजम खां का समर्थन कर इसे राजनीति से प्रेरित बताया, यह अपने आप में उनकी नैतिकता के पैमाने को रेखांकित करता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags
BJP

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >