लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था के लिए सपा और उसके कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए आज कहा कि अखिलेश यादव सरकार के खुले संरक्षण से सपाई बेलगाम हो गये हैं.
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता मनोज मिश्र ने कहा, ‘‘सपा सरकार के खुले संरक्षण में सपाई बेलगाम हो गये हैं. वे न केवल प्रदेश में गुण्डागर्दी कर रहे हैं बल्कि पुलिस की सरेआम पिटाई भी कर रहे हैं.’’ सपाइयों की कथित गुंडागर्दी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए मिश्र ने कहा कि सपाइयों का आतंक पूरे प्रदेश में है. सपाइयों के आतंक के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनों पर ही नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं. दिन प्रतिदिन प्रदेश के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं.
