UP Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर बीजेपी उत्तर प्रदेश में बड़ा ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने जा रही है. यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा. पार्टी इस अभियान के जरिए मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, केंद्र सरकार की योजनाओं, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है.
4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य
बीजेपी ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की रणनीति बनाई है. पार्टी की योजना उत्तर प्रदेश के करीब 4 करोड़ 19 लाख परिवारों और 15 करोड़ 74 लाख लाभार्थियों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं और इसे बड़े स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं.
‘सेवा दिवस’ से होगी शुरुआत, धर्मवीर प्रजापति को कमान
17 सितंबर को अभियान की शुरुआत ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी. इसकी जिम्मेदारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति को दी गई है. वहीं ‘मेरे सपनों का भारत : चित्र सेवा’ की कमान संदीप सिंह और ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ की जिम्मेदारी जयवीर सिंह को सौंपी गई है. इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सेवा काल और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
बेबी रानी मौर्य संभालेंगी ‘आंगन मिलन सेवा’
बीजेपी ने अभियान को गांव और परिवारों तक पहुंचाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को भी जोड़ा है. ‘आंगन मिलन सेवा’ की जिम्मेदारी बेबी रानी मौर्य को दी गई है. वहीं सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की सफलता की कहानियों को सामने लाने के लिए ‘सेवा की कहानी’ अभियान चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी गिरीश चंद्र यादव और ब्रजेश सिंह संभालेंगे.
वाराणसी से वडनगर तक निकलेगी खास यात्रा
अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ भी आयोजित होगी. इसकी जिम्मेदारी जसवंत सिंह सैनी को दी गई है. वाराणसी से प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात स्थित जन्मस्थान वडनगर तक होने वाली इस यात्रा के प्रभारी जेपीएस राठौड़ होंगे. यात्रा में 250 बाइक पर 500 यात्री गंगाजल लेकर शामिल होंगे.
13 मंत्रियों को अलग-अलग मोर्चों की कमान
बीजेपी ने अभियान को कई हिस्सों में बांटते हुए कुल 13 मंत्रियों को अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी है. ‘सेवा मेरा योगदान’ की जिम्मेदारी एके शर्मा, ‘सेवा सेतु’ की कमान सोमेंद्र तोमर और ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ की जिम्मेदारी असीम अरुण को दी गई है. युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ कपिल देव अग्रवाल संभालेंगे.
17 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा. समापन कार्यक्रम की जिम्मेदारी दयाशंकर सिंह को सौंपी गई है. यानी बीजेपी ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को सिर्फ एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय पूरे एक महीने तक चलने वाले अभियान का रूप दिया है, जिसमें सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर खास फोकस रहेगा.
