UP News : उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर माता-पिता की चिंता बढ़ा दी है. वायरल वीडियो में स्कूल वैन के अंदर क्षमता से कहीं ज्यादा बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया है. इतना ही नहीं, जब अंदर जगह नहीं बची तो कई मासूमों को वैन की छत पर बैठाकर स्कूल ले जाया गया. बच्चों की सुरक्षा के साथ की गई इस लापरवाही को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है.
स्कूल वैन में क्षमता से ज्यादा बच्चे, छत पर बैठाकर पहुंचाया स्कूल
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के अफजलगढ़ क्षेत्र के असफाबाद चमन गांव का यह मामला बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया है. कई बच्चों को वैन के अंदर ठूंसकर बैठाया गया, जबकि बाकी बच्चों को छत पर बैठाकर वैन स्कूल की ओर रवाना हो गई.
स्कूल प्रबंधन और चालक पर लापरवाही का आरोप, बच्चों की जान से खिलवाड़!
जानकारी के मुताबिक, यह वैन राखी मेमोरियल विद्या निकेतन जनता इंटर कॉलेज की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन और वैन चालक कुछ अतिरिक्त पैसे कमाने के लालच में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं. उनका कहना है कि अगर रास्ते में वैन का संतुलन बिगड़ जाए या कोई हादसा हो जाए, तो छत पर बैठे बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती है.
VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप, अभिभावकों में भारी नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों में भी काफी नाराजगी है. उनका कहना है कि यह वीडियो अपने आप में प्रशासन के लिए सबूत है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि वैन में बच्चों को क्षमता से अधिक संख्या में बैठाया गया है और जगह कम पड़ने पर उन्हें छत पर बैठा दिया गया.
राहगीर ने बनाया वीडियो, अब प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी राहगीर ने बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की घटना नहीं, बल्कि रोज का हाल है. उनका आरोप है कि मासूम बच्चों को हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ता है. लोगों ने परिवहन विभाग और बिजनौर पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही स्कूल वैन का चालान करने और स्कूल प्रबंधन पर भी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है.
