BHU Admission: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के लिए स्पॉट राउंड काउंसलिंग का मौका है. इच्छुक छात्र 24 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. स्पॉट राउंड के तहत रिक्त सीटों पर 25 अगस्त को सीट आवंटन किया जाएगा.
97.80 प्रतिशत सीटों पर हो चुका है प्रवेश
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के नियमित चरण पूरे हो चुके हैं. वाराणसी और बरकछा परिसरों में उपलब्ध कुल 4,826 सीटों में से 4,720 सीटों पर प्रवेश हो चुका है. यानी 97.80 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं. यह आंकड़ा बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (BPA) और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA) पाठ्यक्रमों की सीटों को शामिल किए बिना है.
24 अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण
विश्वविद्यालय ने शेष रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है. केंद्रीय प्रवेश समिति के समन्वयक प्रोफेसर भास्कर भट्टाचार्य के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 21 अगस्त से 24 अगस्त तक विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण करना जरूरी होगा.
25 अगस्त को होगा सीटों का आवंटन
स्पॉट राउंड काउंसलिंग के अंतर्गत रिक्त सीटों पर 25 अगस्त को सीटों का आवंटन किया जाएगा. पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए भौतिक रूप से उपस्थित होने के लिए बुलाया जाएगा. ऐसे छात्र, जो नियमित प्रवेश प्रक्रिया में सीट हासिल नहीं कर सके हैं, उपलब्ध रिक्त सीटों में अपनी पसंद के विषय के लिए अवसर प्राप्त कर सकते हैं.
प्रवेश पोर्टल पर अपडेट देखते रहें
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्पॉट राउंड के लिए पंजीकरण पूरा करें. साथ ही प्रवेश से संबंधित अपडेट, काउंसलिंग और अन्य आवश्यक विवरणों के लिए विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल को नियमित रूप से देखते रहें. BPA और BFA पाठ्यक्रमों के लिए व्यावहारिक परीक्षाओं का चरण अभी जारी है और इनके शीघ्र पूरा होने की जानकारी दी गई है.
Also Read: झांसी में सड़क नहीं, चारपाई बनी सहारा, कीचड़ में मरीज को ले जाने का Video Viral
