UP News: आगरा के ताजगंज क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र और उसे ट्यूशन पढ़ाने वाली 38 वर्षीय शिक्षिका के एक साथ लापता होने से हड़कंप मच गया. छात्र चार अगस्त को स्कूल प्रोजेक्ट से जुड़े काम के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिवार ने उसकी तलाश शुरू की तो शिक्षिका के भी घर से गायब होने की जानकारी मिली. दोनों के एक साथ लापता होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी सुराग जुटाने शुरू किए.
तीन हजार रुपये लेकर निकला था छात्र
परिजनों के अनुसार, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र पढ़ाई को लेकर घर में मिलने वाली डांट से परेशान रहता था. चार अगस्त को उसने स्कूल प्रोजेक्ट का काम पूरा करने की बात कही और करीब तीन हजार रुपये लेकर घर से निकला. छात्र ने अपनी साइकिल एक दोस्त के घर खड़ी कर दी थी. जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिवार ने दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क किया. इसी दौरान पता चला कि उसकी ट्यूशन टीचर भी अपने घर पर नहीं हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया.
कॉल डिटेल से मिला जांच को अहम सुराग
पुलिस ने छात्र की तलाश के लिए उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो शिक्षिका के साथ लगातार बातचीत की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने उन संभावित स्थानों के CCTV फुटेज तलाशने शुरू किए, जहां दोनों पहुंच सकते थे. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की फुटेज में छात्र और शिक्षिका ट्रेन में बैठते नजर आए. यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने रेलवे मार्ग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से दोनों के संभावित ठिकानों की पहचान की गई.
ग्वालियर से कैलादेवी तक पहुंचा छात्र
जांच में पुलिस को पता चला कि छात्र आगरा से निकलने के बाद ग्वालियर पहुंचा था. इसके बाद वह बयाना होते हुए कैलादेवी तक गया, जहां दर्शन करने की जानकारी भी सामने आई. कुछ समय तक दोनों साथ रहे, लेकिन बाद में अलग-अलग शहरों में चले गए. पुलिस ने लगातार मोबाइल लोकेशन और दूसरे तकनीकी इनपुट के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी. आखिरकार टीम ने छात्र को नोएडा और शिक्षिका को मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया. दोनों को बाद में उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया गया.
शिक्षिका ने बताई छात्र को साथ ले जाने की वजह
पूछताछ में शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि छात्र पढ़ाई को लेकर परेशान रहता था और कई बार उनके सामने अपनी परेशानी जाहिर करता था. उनके मुताबिक, चार अगस्त को छात्र ने फोन पर आत्महत्या करने जैसी बात कही थी. इससे घबराकर उन्होंने उसे ऐसा कदम उठाने से रोकने के लिए अपने साथ ले जाने का फैसला किया. हालांकि, बाद में उन्हें अपने फैसले का एहसास हुआ, लेकिन वापस लौटने में हिचकिचाहट हुई. पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज किए हैं. फिलहाल परिवारों ने अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है.
यह भी देखें: नोएडा की चकाचौंध में युवाओं की खाली जेब, 15 तारीख के बाद खर्चों का पहाड़, सैलरी से बचत तक पहुंचना हुआ मुश्किल
