बदायूं:गैंगरेप के बाद हत्या मामले में दो अभियुक्तों ने कबूला जुर्म

बदायूं/लखनऊ:उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला स्थित उसहैत थाना क्षेत्र में दो किशोरियों की बलात्कार के बाद हत्या कर दिये जाने के मामले में पांच अभियुक्तों में से दो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. वहीं, घटना को लेकर सपा सरकार को और आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. एसपी अतुल सक्सेना ने इसकी […]

बदायूं/लखनऊ:उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला स्थित उसहैत थाना क्षेत्र में दो किशोरियों की बलात्कार के बाद हत्या कर दिये जाने के मामले में पांच अभियुक्तों में से दो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. वहीं, घटना को लेकर सपा सरकार को और आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. एसपी अतुल सक्सेना ने इसकी पुष्टि की है.

गौरतलब है कि उसहैत थाने के कटरा गांव में दो चचेरी नाबालिग बहनों की बलात्कार के बाद फांसी पर लटका कर हत्या कर दिये जाने के मामले में सभी पांच अभियुक्तों, पुलिस के दो सिपाहियों छत्रपाल यादव तथा सर्वेश यादव एवं तीन सगे भाइयों पप्पू यादव, अखिलेश यादव और उर्वेश यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है. सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इसमें दो अज्ञात व्यक्ति फरार चल रहे हैं. दोनों चचेरी बहने 27 मई को लापता हो गयी थीं और अगले दिन गांव के बगीचे में उनके शव एक पेड़ पर फांसी से लटकते पाये गये थे.

बसपा मुखिया मायावती ने रविवार को कटरा गांव पहुंच कर अखिलेश सरकार पर जम कर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि वह जंगल राज चला रहे हैं और मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास कर रहे हैं. दोनों चचेरी बहनों के परिवार से मायावती ने मुलाकात की और प्रत्येक पीड़ित के परिजनों को पार्टी कोष से पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की.

उन्होंने दावा किया कि भले ही उन्होंने सरकारी मुआवजे से इनकार किया है, लेकिन वे उनकी सहयोग राशि को स्वीकार करेंगे. कहा, ‘परिवार के सदस्यों ने मुझे बताया कि स्थानीय सांसद रविवार की सुबह आये और मुआवजा एवं हर तरह के सहयोग की पेशकश की, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि मैं जो भी दूंगी वे स्वीकार कर लेंगे.’ उन्होंने कहा, ‘मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और जब मुङो पता चला तो मैंने तुरंत बदायूं आने का निर्णय किया.’ मायावती के अलावा समाजवादी पार्टी के स्थानीय सांसद धर्मेद्र यादव भी रविवार को कटरा गांव पहुंचे, जहां उन्हें क्षुब्ध अभिभावकों के गुस्से का सामना करना पड़ा जिन्होंने आरोप लगाए कि उनकी जाति के कारण पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल पीडितों के परिवार से मुलाकात की थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >