Rourkela News: आरएसपी ने काटे बस्ती के पांच व्यक्तियों को प्रदान किया नियोजन प्रस्तावना पत्र
Rourkela News: ग्रीन परियोजना के लिए स्थानांतरित किये जा रहे झुग्गीवासियों को आरएसपी मुआवजा पैकेज उपलब्ध करा रहा है.
Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) क्षेत्र से संयंत्र के ग्रीनफील्ड विस्तारण को सुगम बनाने के लिए स्थानांतरित किये जा रहे झुग्गीवासियों को मुआवजा पैकेज उपलब्ध कराने के तहत प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को संविदा आधारित कार्य के लिए नियोजन प्रस्तावना पत्र (ऑफर ऑफ एंगेजमेंट) देना शुरू कर दिया है. सोमवार को काटे बस्ती से हटाई गयी झुग्गियों के पांच व्यक्तियों को यह कार्य नियोजन प्रस्तावना पत्र प्रदान किया गया.
17 परिवारों को सौंपा जा चुका है चेक
आरएसपी ने पहले ही 17 परिवारों को चेक सौंप दिये हैं, जो काटे बस्ती से अस्थायी ठहराव आश्रय (टेम्पररी ट्रांजिट शेल्टर) में स्थानांतरित हो चुके हैं. मुआवजा प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक प्रभावित परिवार को कुल 5,16,620 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जायेगी. इसके अतिरिक्त, प्रत्येक झुग्गी के बदले 650 वर्ग फुट विकसित एवं भुखंडित भूमि भी प्रदान की जायेगी तथा आश्रित परिवार के सदस्यों को इएसआइ चिकित्सा सुविधा के अंतर्गत शामिल किया जायेगा.
9.8 एमटीपीए तक बढ़ेगी आरएसपी की उत्पादन क्षमता
राउरकेला इस्पात संयंत्र एक ऐतिहासिक विस्तारण की दिशा में अग्रसर है, जो एक बार फिर क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य को नयी दिशा देगा. आरएसपी अपनी वर्तमान 4.65 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 9.8 एमटीपीए तक दोगुना करेगा. इस विस्तारण से स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को नया प्रोत्साहन मिलेगा और सुंदरगढ़ क्षेत्र तथा ओडिशा राज्य में समृद्धि की नयी लहर आयेगी. ग्रीनफील्ड परियोजना के क्रियान्वयन के लिए आरएसपी अपने स्वामित्व वाली 1200 एकड़ निकटवर्ती सटी हुई भूमि का उपयोग करेगा. यह भूमि आधिकारिक रूप से राउरकेला इस्पात संयंत्र के अधिकारिक कब्जे में है. हालांकि समय के साथ इस भूमि पर विभिन्न प्रकार के अतिक्रमण हो गये हैं. संयंत्र ने इस भूमि पर निवास कर रहे परिवारों के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए एक संवेदनशील मुआवजा पैकेज की पेशकश की है, ताकि संयंत्र के विकास के साथ- साथ समुदाय का भी समुचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके.