Sambalpur News: अनुगूल और आठमल्लिक वन मंडल की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पिकअप वैन और ट्रक से भारी मात्रा में केंदू पत्ता जब्त किया है. इन मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
वैन चालक हुआ फरार, जांच जारी
जानकारी के मुताबिक, अनुगूल रेंजर और उनकी टीम ने अनुगूल वन मंडल के जरपाड़ा रेंज की जरपाड़ा बीट अंतर्गत कंजारा गांव के पास सोमवार रात एक पिक-अप वैन को रोका. जांच करने पर करीब 12 क्विंटल वजन के 240 बंडल केंदूपत्ता बरामद किये गये. हालांकि, वैन का चालक फरार होने में कामयाब रहा. वन विभाग की इस पेट्रोलिंग टीम में जरपाड़ा रेंज ऑफिसर माधव चंद्र नाइक, अनुगूल के रेंज ऑफिसर उद्धव बेहेरा व अन्य कर्मचारी शामिल थे. इसी तरह आठमल्लिक वन मंडल अंचल में भी छापेमारी के दौरान 10 चक्का ट्रक से 25 लाख रुपये के केंदूपत्ता जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में ट्रक का चालक और खलासी शामिल हैं. दोनों को कोर्ट चालान किया गया है. आठमल्लिक वन मंडल के हंडापा जंगल इलाके से केंदूपत्ता की तस्करी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी सोमवार को घात लगाकर बैठे थे. इसी दौरान ट्रक को रोककर जांच करने पर यह सफलता मिली.
राउरकेला रेलवे स्टेशन से पांच क्विंटल केंदूपत्ता जब्त
राउरकेला वन विभाग ने राउरकेला रेलवे स्टेशन पर सोमवार को छापा मारकर भारी मात्रा में केंदूपत्ता बरामद किया हैं. जब्त केंदूपत्ता का वजन करीब पांच क्विंटल बताया जा रहा है. हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि राउरकेला रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिये केंदूपत्ता की तस्करी की जा रही है. वन विभाग के अधिकारी ने तुरंत टीम गठित कर पानपोष रेंजर को स्टेशन पर छापा मारने का आदेश दिया. पानपोष रेंजर के नेतृत्व में विभाग की टीम ने स्टेशन पर पहुंचकर जांच शुरू की. निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर लावारिस हालत में रखे गये बोरों से करीब पांच क्विंटल केंदूपत्ता बरामद हुआ. वन विभाग ने जब्त केंदूपत्ता को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुटी है.
