Rourkela News: पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल तीन साल बाद फिर हॉकी के सितारों को तैयार करेगा

Rourkela News: सुंदरगढ़ में प्रतिभा खोज अभियान को लेकर प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू हो गयी है. गांव-गांव से चयनित युवा प्रतिभाओं को तराशा जायेगा.

Rourkela News: तीन साल के अंतराल के बाद हॉकी की नर्सरी सुंदरगढ़ में प्रतिभा खोज अभियान को लेकर प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू हो गयी है. हॉकी का गढ़ माने जाने वाले पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल के जरिये एक बार फिर गांव-गांव से युवा प्रतिभाओं को तराशा जायेगा.

पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल ने देश को दिये हैं 175 अंतरराष्ट्रीय हॉकी सितारे

1987 में शुरू हुए पनपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल ने अब तक 175 अंतरराष्ट्रीय हॉकी सितारे देश को दिये हैं. इनमें से 55 खिलाड़ी ओलिंपियन बन चुके हैं. दिलीप तिर्की, अमित रोहिदास से लेकर महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान ज्योति सुनीता कुलु और सुभद्रा प्रधान जैसी दिग्गज खिलाड़ी इसी हॉस्टल की देन हैं. लेकिन पिछले तीन साल से प्रतिभा खोज अभियान बंद होने से नयी प्रतिभाओं के चयन में ठहराव आ गया था. विशेषज्ञों की देखरेख में गांव-गांव जाकर खिलाड़ी चुनने की यह प्रक्रिया हॉकी की रीढ़ मानी जाती है. अब फिर से अभियान शुरू होने पर हॉकी प्रेमियों ने संतोष जताया है.

अंतिम परीक्षा में सुंदरगढ़, संबलपुर समेत पांच जिलों से 600 बच्चे लेंगे हिस्सा

प्रारंभिक चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. इसमें 12 से 14 साल के खिलाड़ियों को चुना गया है, जो कक्षा-6 की पढ़ाई के साथ हॉकी का प्रशिक्षण लेंगे. अंतिम परीक्षा के लिए सुंदरगढ़ जिले से 300 और संबलपुर, देवगढ़, ढेंकनाल, कटक व गंजाम जिलों से 300 यानी कुल 600 बच्चे राउरकेला पहुंचेंगे. खेल कौशल और शारीरिक फिटनेस के आधार पर अंतिम चयन होगा. चुने गये बच्चों में से 35 लड़कियों को सुंदरगढ़ के सरकारी छात्रावास और 30 लड़कियों व 35 लड़कों को राउरकेला के पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल में रखा जायेगा. अंतिम चयन वरिष्ठ प्रशिक्षकों (कोच) की देखरेख में होगा. हॉकी विशेषज्ञों का मानना है कि अभियान दोबारा शुरू होने से छिपी हुई प्रतिभाओं को मौका मिलेगा और भविष्य के सितारे तैयार होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >