Rourkela News: डॉ अशोक कुमार पंडा ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है. शनिवार को उन्होंने यह पद संभाला. इससे पूर्व, वह कंपनी के निदेशक (वित्त) के रूप में कार्यरत थे और इस दौरान लगभग नौ महीनों तक उनके पास निदेशक (वाणिज्यिक) का अतिरिक्त प्रभार भी रहा.
1992 में मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में सेल में की थी करियर की शुरुआत
डॉ पंडा ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीइ पूरा करने के बाद, वर्ष 1992 में मैनेजमेंट ट्रेनी (तकनीकी) के रूप में सेल में अपने करियर की शुरुआत की थी. पिछले तीन दशकों से अधिक की अपनी विशिष्ट सेवा, अटूट समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर वह कंपनी के भीतर नेतृत्व के उच्चतम स्तर तक पहुंचे हैं. उन्होंने विभिन्न संयंत्रों और इकाइयों में विविध दायित्वों का निर्वहन किया है, जिससे उन्हें प्रचालन, वित्तीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों में व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ है. निदेशक (वित्त) के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान डॉ पंडा ने प्रचालन दक्षता और समग्र लाभप्रदता में सुधार लाने के उद्देश्य से कई रणनीतिक पहलों का नेतृत्व किया. उनके प्रयासों में तकनीकी पहलों को बढ़ावा देना, उत्पाद बास्केट के संवर्धन के माध्यम से उत्पादन स्तर को बढ़ाना और प्रचालन, विक्रय एवं विपणन, मानव संसाधन तथा वित्त से संबंधित प्रमुख नीतियों को बेहतर करना शामिल रहा. निदेशक (वाणिज्यिक) के रूप में अपनी भूमिका में, उन्होंने प्रचालन को बाजार और वित्तीय उद्देश्यों के साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उन्होंने विक्रय की मात्रा बढ़ाने, नेट सेल्स रियलाइजेशन में सुधार करने, इन्वेंट्री स्तर को कम करने और उत्पाद की ब्रांडिंग को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया. एक जन-उन्मुख लीडर के रूप में डॉ पंडा अपनी समावेशी नेतृत्व शैली और मजबूत निष्पादन क्षमताओं के लिए व्यापक रूप से जाने जाते हैं. टीमों का निर्माण करना और प्रदर्शन को गति देना उनके करियर की प्रमुख विशेषता रही है.
हितधारकों के लिए निरंतर वैल्यू क्रियेशन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध
सेल के सीएमडी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद डॉ पंडा ने कंपनी की तात्कालिक प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि सेल अपनी क्षमता को 35 मिलियन टन प्रति वर्ष तक बढ़ाने के लिए विस्तार के अगले चरण की ओर अग्रसर है. विस्तार के साथ-साथ, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सभी कार्यस्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना रहेगी. अपनी विकास आकांक्षाओं को पूरा करने लिए घरेलू खनन को बढ़ावा देने और विदेशी संपत्तियों की खोज के जरिये कच्चे माल की सुरक्षा को मजबूत करना अत्यंत महत्वपूर्ण होगा. साथ ही, हम वैल्यू एडेड उत्पादों पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हुए अपनी बाजार पहुंच बढ़ाने, अपने ब्रांड जुड़ाव को मजबूत करने और सभी हितधारकों के लिए निरंतर वैल्यू क्रियेशन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
