Sambalpur News: जाति प्रमाणपत्र के लिए रिश्वत मांगने पर सहायक राजस्व निरीक्षक निलंबित

Sambalpur News: स्टिंग ऑपरेशन में रिश्वत मांगने की जांच में आरोप सही पाये जाने पर जिलापाल ने एआरआइ को निलंबित कर दिया है.

Sambalpur News: ओडिशा सरकार ने छात्रों से जाति प्रमाणपत्र जारी करने के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप में एक सहायक राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र सा को निलंबित कर दिया है. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारी के अनुसार, निलंबित निरीक्षक को संबलपुर जिले के सदर-चतुर्थ राजस्व निरीक्षक (आरआइ) सर्किल, सदर तहसील में तैनात किया गया था. उस पर आरोप है कि वह शैक्षणिक संस्थानों में दाखिले के लिए आवश्यक जाति प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में प्रत्येक आवेदक से 3,000 रुपये की मांग कर रहा था.

संबलपुर अतिरिक्त जिलापाल ने जांच कर सौंपी थी रिपोर्ट

विदित हो कि गत पांच तारीख को एक मीडिया द्वारा किये गये स्टिंग ऑपरेशन के ऑडियो क्लिप में एआरआइ सुरेंद्र सा पैसे देने पर दिनभर में प्रमाण पत्र मंजूर करने की गारंटी दे रहे थे. संबलपुर अतिरिक्त जिलापाल ने घटना की जांच कर इसे भ्रष्टाचार का मामला बताया और जिलापाल को रिपोर्ट सौंपी. जिलापाल सिद्धेश्वर बलिराम बोंडार ने यह कार्रवाई की. आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरोपी अधिकारी का मुख्यालय कुचिंडा के उप-जिलाधिकारी कार्यालय में निर्धारित किया गया है. उसे बिना सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी गयी है और वह केवल जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करेगा. संबलपुर सदर तहसीलदार को निलंबन आदेश स्वयं तामील कराने, प्राप्ति की पुष्टि लेने और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए आरोप पत्र का मसौदा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. इससे पहले, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरबिंद पाढ़ी ने सभी जिला कलेक्टरों को छात्रों के लिए जाति प्रमाणपत्र शीघ्र जारी करने सुनिश्चित करने के लिए पत्र लिखा था. राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने भी कहा था कि किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और जिला प्रशासन को प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिये थे.

भुवनेश्वर : जल संसाधन विभाग के तीन इंजीनियर निलंबित

ओडिशा सरकार ने बरगढ़ जिले में एक सिंचाई परियोजना में कथित गंभीर अनियमितताओं और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में जल संसाधन विभाग के तीन इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मदन मोहन सेठी (बरगढ़ सिंचाई डिवीजन के अधीक्षण अभियंता) राजकुमार मिश्रा ( भेड़ेन सिंचाई उप-मंडल के सहायक कार्यपालक अभियंता) और रंजन पटेल (बरगढ़ नहर सेक्शन के सहायक अभियंता) को निलंबित किया गया है. आदेश में कहा गया है कि इन पर बरगढ़ में बॉक्स कंड्यूट निर्माण कार्य से संबंधित गंभीर कदाचार और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप हैं. निलंबन अवधि के दौरान अधीक्षण अभियंता मदन मोहन सेठी का मुख्यालय भुवनेश्वर स्थित जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ कार्यालय में निर्धारित किया गया है. वहीं सहायक कार्यपालक अभियंता राज कुमार मिश्रा और सहायक अभियंता रंजन पटेल का मुख्यालय बुर्ला स्थित महानदी बेसिन के मुख्य अभियंता एवं बेसिन प्रबंधक कार्यालय में रहेगा. आदेश में यह भी कहा गया है कि संबंधित अधिकारी बिना सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >